इधर टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने किया हवाई फायर, उधर पुलिस वालों ने पकड़ी गेंद
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा, अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर इस समय सभी बल्लेबाज काफी अच्छे फॉर्म में है।
अद्यतन - अक्टूबर 18, 2023 6:01 अपराह्न

भारत और बांग्लादेश के बीच आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का 17वां मुकाबला 19 अक्टूबर को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाना है। बता दें, भारतीय टीम ने अभी तक आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में कुल 3 मैच खेले हैं और तीनों में उन्होंने जीत दर्ज की है।
हालांकि बांग्लादेश के खिलाफ मैच से पहले भारतीय टीम के बेहतरीन बल्लेबाज जैसे विराट कोहली, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, श्रेयस अय्यर और रवींद्र जडेजा को अभ्यास सत्र के दौरान बड़े-बड़े छक्के मारते हुए देखा गया। यही नहीं अभ्यास सत्र को देखने आए दर्शक और पुलिस वालों ने भी स्टैंड्स में बैठकर इन सभी भारतीय बल्लेबाजों की बल्लेबाजी का लुफ्त उठाया।
इंडियन क्रिकेट टीम ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा की है जिसमें देखा जा सकता है कि यह सभी खिलाड़ी कड़ी प्रैक्टिस कर रहे हैं और बड़े-बड़े शॉट्स खेल रहे हैं। उन्होंने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा था, ‘हमने मारा और उन्होंने कैच किया।’
यह रही वीडियो:
बता दें, भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा, अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर इस समय सभी बल्लेबाज काफी अच्छे फॉर्म में है। गेंदबाजी में बात की जाए तो जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज ने अभी तक जबरदस्त प्रदर्शन किया है। बांग्लादेश के खिलाफ भी यह सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहेंगे।
बांग्लादेश टीम की बात की जाए तो अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने जीत दर्ज की थी लेकिन उसके बाद इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि भारत के खिलाफ वो जीत के इरादे से मैदान पर उतरेंगे।
बता दें, अभी तक वनडे में दोनों टीमों ने आपस में 40 मैच खेले हैं जिसमें से 31 मैच भारत ने जीते हैं जबकि आठ में बांग्लादेश ने जीत दर्ज की है। एक मैच का रिजल्ट नहीं निकला था। वनडे वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अभी तक चार मैच खेले गए जिसमें से तीन में भारत ने जीत दर्ज की है जबकि एक में बांग्लादेश ने मुकाबले को अपने नाम किया था।