IND vs ENG: फिफ्टी लगाने के बाद ध्रुव जुरेल ने मारा सैल्यूट, इसके पीछे की वजह जानकर आप भी हो जाएंगे इमोशनल
रांची टेस्ट की पहली पारी में ध्रुव जुरेल ने खेली 90 रनों की पारी।
अद्यतन - फरवरी 25, 2024 3:00 अपराह्न

रांची टेस्ट मैच के तीसरे दिन टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने 90 रनों की पारी खेलकर टीम इंडिया को मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकाला। जब ध्रुव जुरेल बल्लेबाजी करने के लिए आए तब टीम इंडिया का स्कोर 177/7 था और वहां से भारत के लिए वापसी करने मुश्किल लग रहा था। लेकिन उन्होंने दबाव वाली परिस्थिति में शानदार पारी खेलकर सभी को प्रभावित किया।
आपको बता दें कि, राजकोट टेस्ट में वह अर्धशतक के करीब जरूर पहुंचे थे, मगर वहां वो अर्धशतक बनाने से चूक गए थे। रांची में जैसे ही उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की तो उन्होंने इसका जश्न एक दम अलग अंदाज में मनाया। जुरेल अपना पहला अर्धशतक जड़ने के बाद सेल्यूट मारते हुए नजर आए। लेकिन किसी को ये नहीं पता है कि उन्होंने क्यों इस अंदाज में इसका जश्न मनाया।
ध्रुव जुरेल ने अपना पहला अर्धशतक पिता को किया समर्पित
आइए तो हम आपको बताते है कि क्यों जुरेल ने अर्धशतक बनाने के बाद इस अंदाज में जश्न मनाया। दरअसल इस जश्न के पीछे का कारण उनके पिता है। जुरेल के पिता नेम सिंह भारतीय सेना में थे। वह हवलदार पद से रिटायर हुए। वह कारगिल वॉर का भी हिस्सा रहे हैं। नेम सिंह चाहते थे कि उनका बेटा भी फौज बने मगर ध्रुव जुरेल ने क्रिकेट को अपना करियर चुना। इस तरह उन्होंने अपना पहला अर्धशतक पिता को समर्पित किया।
बात मुकाबले की करें तो धुव जुरेल से पहले यशस्वी जायसवाल ने भी अर्धशतक जड़ते हुए 73 रनों की शानदार पारी खेली थी। इन दो युवा खिलाड़ियों की बदौलत भारत इंग्लैंड के स्कोर के नजदीक पहुंच पाई। हालांकि जुरेल अपना शतक पूरा नहीं कर पाए और अंत में टीम इंडिया 307 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
इससे पहले इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जो रूट के नाबाद शतक के दम पर 353 रन बोर्ड पर लगाए थे। एक समय ऐसा था जब आधी इंग्लिश टीम 112 के स्कोर पर पवेलियन लौट गई थी। तब रूट ने बेन फोक्स और ऑलीरॉबिंसन के साथ शतकीय साझेदारी कर अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।