IPL 2024 फाइनल

चेन्नई में खेला जाएगा IPL 2024 का फाइनल, अहमदाबाद में खेले जाएंगे दो नॉकआउट मुकाबले

चेन्नई के चेपॉक में खेला जाएगा IPL 2024 का फाइनल मुक़ाबला।

IPL Trophy (Image Credit- Twitter)
IPL Trophy (Image Credit- Twitter)

मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का फाइनल 26 मई को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा। वहीं इसमें यह भी बताया गया कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में क्वालीफायर 1 और एलिमिनेटर खेला जाएगा जबकि दूसरा क्वालीफायर चेन्नई में होगा।

बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने PTI के हवाले से कहा कि, ” आईपीएल संचालन परिषद ने पिछले साल के गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के घरेलू मैदान पर शुरुआती मैच और फाइनल आयोजित करने की परंपरा का पालन किया है। बता दें कि, आईपीएल की शुरुआत और इसका फाइनल मुकाबला पहले पिछले सीजन की चैंपियन टीम के घरेलू मैदान पर कराने की परंपरा थी।

हालांकि 2020 में कोविड आने के बाद इस नियम का पालन नहीं हो सका था। पिछले बार भी आईपीएल का फाइनल अहमदाबाद में कराया गया था क्योंकि गुजरात टाइटंस ने 2022 में इसका खिताब जीता था। ऐसा माना जा रहा है कि CSK के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का यह अंतिम आईपीएल सीजन होगा और इस सीजन के बाद माही इस टूर्नामेंट से संन्यास ले लेंगे।

 पिछले सीजन CSK ने जीता था पांचवां IPL खिताब

चेपॉक स्टेडियम CSK का घरेलू मैदान है। चेन्नई ने धोनी की कप्तानी में पिछले साल आईपीएल का खिताब जीता था और यह उनकी टीम के लिए आईपीएल इतिहास का पांचवां खिताब था। अगर CSK की टीम फाइनल में पहुंचने में सफल रही तो चेन्नई के प्रशंसकों को एक बार फिर अपने चहेते कप्तान धोनी को होम ग्राउंड पर खेलते देखने का मौका मिल सकता है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने आईपीएल 2024 के दूसरे फेज के कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया है। बोर्ड अबतक आम चुनावों की तारीख घोषित होने का इंतजार कर रहा था, लेकिन लोकसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है और इन तारीखों को ध्यान में रखते हुए ही बीसीसीआई ने आगे का कार्यक्रम तय किया है। उम्मीद है कि आने वाले कुछ ही दिनों में इसकी घोषणा कर दी जाएगी।

close whatsapp