“जैसा फॉर्म है, हार्दिक टी-20 वर्ल्ड कप में नहीं चुने जाएंगे”- पूर्व क्रिकेटर ने अपने इस बयान से मचाई सनसनी
IPL 2024 में बतौर प्लेयर कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं हार्दिक पांड्या।
अद्यतन - Apr 14, 2024 1:04 pm

IPL 2024 के खत्म होने के ठीक बाद टी-20 वर्ल्ड कप खेला जाएगा। यह ICC टूर्नामेंट वेस्टइंडीज और यूएसए में खेला जाएगा और इसके लिए अप्रैल के अंत तक भारत के स्क्वॉड का ऐलान किए जाने की सम्भावना है। इसी बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने हार्दिक पांड्या से पहले टीम में शिवम दुबे को शामिल करने की बात कही है।
तिवारी ने कहा कि अगर हार्दिक को भारत की टी-20 वर्ल्ड कप टीम में अपना स्थान सुरक्षित करना है तो उन्हें आईपीएल के जारी सीजन में अधिक गेंदबाजी करने की जरूरत है। मुंबई इंडियंस के कप्तान ने आईपीएल 2024 में पिछले तीन मैचों में केवल एक ही ओवर फेंका है। बंगाल के पूर्व कप्तान ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि हार्दिक ने इस सीजन में 11 रन प्रति ओवर से अधिक की इकॉनमी से रन दिए हैं।
हार्दिक पांड्या को लेकर मनोज तिवारी ने दिया बड़ा बयान
क्रिकबज के एक शो में मनोज तिवारी ने कहा कि, “अगर उन्हें भारतीय टी20 वर्ल्ड कप टीम में बतौर ऑलराउंडर खेलना है तो गेंदबाजी करनी होगी। उसकी इकोनॉमी रेट देखिए. लगभग 11 का है। वह इस सीज़न में प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं।”
तिवारी ने कहा कि बीसीसीआई के मौजूदा चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर एक मजबूत चरित्र वाले व्यक्ति हैं और अगर हार्दिक फॉर्म में नहीं लौटते हैं, तो अगरकर उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप टीम में नहीं चुनेंगे। तिवारी ने हार्दिक के संभावित रिप्लेसमेंट के रूप में ऑलराउंडर शिवम दुबे का नाम लिया। हालांकि, उन्होंने कहा कि अगर दुबे को इस वर्ल्ड कप के लिए नहीं चुना जाता है, तो उसका जिम्मेदार चेन्नई सुपर किंग्स होगा क्योंकि टीम उन्हें आईपीएल 2024 के दौरान गेंदबाजी करने का मौका नहीं दे रही है।
तिवारी ने कहा कि, “इस फॉर्म के साथ, हार्दिक को टी-20 वर्ल्ड कप में नहीं चुना जाएगा। देखिए, अगरकर एक स्ट्रॉन्ग करैक्टर वाले व्यक्ति हैं और इसलिए वे साहसिक निर्णय ले सकते हैं। और अगर दुबे को टी-20 वर्ल्ड कप में नहीं चुना जाता है, तो सीएसके इसके लिए जिम्मेदार होगी , क्योंकि वे उसे गेंदबाजी करने की अनुमति नहीं दे रहे हैं, मैं यह लंबे समय से कह रहा हूं, यदि आप हार्दिक का रिप्लेसमेंट चाहते हैं, तो दुबे को तैयार करें।”