IPL 2024: RCB के बल्लेबाजों ने महत्वपूर्ण मैच में की धमाकेदार बल्लेबाजी, चेन्नई के खिलाफ बनाया बड़ा स्कोर
पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 218 रन बनाए।
अद्यतन - May 18, 2024 10:05 pm

इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का महत्वपूर्ण मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हालांकि उनका यह फैसला अभी तक गलत साबित हुआ है और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाजों ने इस मैच में काफी अच्छी बल्लेबाजी की।
बता दें, पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 218 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 54 रनों की शानदार पारी खेली। फाफ डु प्लेसिस के अलावा अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने 29 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 47 रनों का योगदान दिया। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच पहला विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी हुई।
यही नहीं रजत पाटीदार ने 41 रनों की तूफानी पारी खेली जबकि कैमरून ग्रीन ने 17 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 38* रनों का योगदान दिया। विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने 14 रन बनाए जबकि ग्लेन मैक्सवेल ने 16 रनों की आक्रामक पारी खेली। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से Shardul Thakur ने चार ओवर में 61 रन देकर दो विकेट झटके। यही नहीं तुषार देशपांडे और मिचेल सैंटनर ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
चेन्नई सुपर किंग्स को मैच जीतने के लिए 20 ओवर में 219 रन बनाने होंगे
अगर चेन्नई सुपर किंग्स को आरसीबी के खिलाफ मैच जीतना है तो उन्हें 20 ओवर में 219 रन बनाने होंगे। यह लक्ष्य टीम के लिए काफी मुश्किल होगा। हालांकि यह दोनों ही टीमों के लिए महत्वपूर्ण मैच है और दोनों ही इसको अपने नाम जरूर करना चाहेगी।
बता दें, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में 13 मैच खेले हैं जिसमें से 6 में उन्होंने जीत दर्ज की है जबकि 7 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के समय 14 अंक है और टीम आईपीएल 2024 की अंक तालिका में सातवें पायदान पर है। अगर आरसीबी को इस सीजन के प्लेऑफ में पहुंचना है तो उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स को लंबे अंतर से मात देनी होगी।
चेन्नई सुपर किंग्स की बात की जाए तो उन्होंने 13 मैच में 7 में जीत दर्ज की है जबकि 6 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। इंडियन प्रीमियर लीग 2024 की अंक तालिका में चेन्नई सुपर किंग्स 14 अंकों के साथ चौथे पायदान पर है।