‘हम हमेशा खिलाड़ियों के प्राइवेसी को ध्यान में रखते हैं’, स्टार स्पोर्ट्स ने रोहित शर्मा के ‘प्राइवेसी उल्लंघन’ ट्वीट पर तोड़ी चुप्पी
स्टार स्पोर्ट्स ने बयान में कहा- इस बातचीत का कोई ऑडियो न तो रिकॉर्ड किया गया और न ही प्रसारित किया गया
अद्यतन - मई 20, 2024 7:12 अपराह्न

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने आईपीएल 2024 के दौरान गोपनीयता के उल्लंघन के लिए ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स की आलोचना की। उन्होंने 19 मई को ट्विटर (एक्स) पर पोस्ट करते हुए इसके बारे में लिखा था। वहीं अब ब्रॉडकास्टर ने उनकी तीखी आलोचना पर जवाब दिया है, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे।
क्या है पूरा मामला
आपको बता दें कि रोहित शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स के सहायक कोच अभिषेक नायर से बातचीत करते हुए और भविष्य के बारे में बात करते हुए सुना गया था। इस वीडियो के सामने आने के बाद मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रोहित शर्मा के केकेआर में जाने की अटकलें भी तेज हो गईं। बाद में केकेआर ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा लिया था।
रोहित शर्मा ने क्या कहा
वहीं 19 मई को रोहित शर्मा ने ब्रॉडकास्टर पर जमकर भड़ास निकाली और गोपनीयता उल्लंघन के लिए जमकर आलोचना की। उन्होंने लिखा, क्रिकेटरों की जिंदगी में इतनी दखलंदाजी हो गई है कि कैमरे अब हमारे हर कदम और बातचीत को रिकॉर्ड कर रहे हैं, जो हम अपने दोस्तों और साथियों के साथ अभ्यास के दौरान या मैच के दिनों में एकांत में कर रहे हैं। स्टार स्पोर्ट्स से मेरी बातचीत न रिकॉर्ड करने के अनुरोध के बावजूद इसे ऑन एयर किया गया, जो प्राइवेसी का उल्लंघन है।
स्टार स्पोर्ट्स ने जारी किया बयान
अब स्टार स्पोर्ट्स ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के जवाब में एक बयान जारी किया है। स्टार स्पोर्ट्स ने अपने बयान में लिखा, एक सीनियर भारतीय खिलाड़ी से जुड़ी एक क्लिप और सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट ने कल से प्रमुखता प्राप्त की है। वह क्लिप 16 मई को वानखेड़े स्टेडियम में एक प्रैक्टिस सेशन के दौरान ली गई थी, जिसके लिए स्टार स्पोर्ट्स को एक्सेस मिला था। जिसमें सीनियर खिलाड़ी को अपने दोस्तों के साथ बातचीत करते हुए दिखाया गया था।
उसने अपने बयान में आगे कहा, इस बातचीत का कोई ऑडियो न तो रिकॉर्ड किया गया और न ही प्रसारित किया गया। क्लिप में केवल सीनियर खिलाड़ी अपनी बातचीत के ऑडियो रिकॉर्ड न करने का अनुरोध कर रहे थे। इसको स्टार स्पोर्ट्स के लाइव कवरेज में दिखाया गया। इसे एडिट करने की गुंजाइश नहीं थी। हम खिलाड़ियों के प्राइवेसी को ध्यान में रखते हैं और इसके लिए प्रतिबद्ध हैं।