"पाकिस्तान टीम में बहुत समस्याएं है...", IND vs PAK मैच से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर का बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

“पाकिस्तान टीम में बहुत समस्याएं है…”, IND vs PAK मैच से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर का बड़ा बयान

भारत और पाकिस्तान के बीच मैच 23 फरवरी को खेला जाएगा।

IND vs PAK (Photo Source: Getty Images)
IND vs PAK (Photo Source: Getty Images)

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मैच में मेजबान पाकिस्तान को न्यूजीलैंड के हाथों 60 रनों से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। दूसरी ओर, भारत ने बांग्लादेश को 6 विकेट से शिकस्त देकर शानदार शुरुआत की। टूर्नामेंट का बहुचर्चित मुकाबला 23 फरवरी को दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाने वाला है। फैंस समेत क्रिकेट एक्सपर्ट्स के बीच इस मैच को लेकर गजब का उत्साह है।

भारतीय टीम इस वक्त सभी डिपॉर्टमेंट में काफी ज्यादा मजबूत है, उन्हें हराना पाकिस्तान के लिए आसान नहीं होगा। इस बीच, पूर्व भारतीय दिग्गज ऑलराउंडर इरफान पठान ने दोनों टीमों की काबिलियत के बारे में बात करते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया दबाव भरी परिस्थितियों में शानदार खेल दिखाती हुई नजर आई है और ये चीज उन्हें पाकिस्तान से अलग बनाती है।

पाकिस्तान आक्रामक क्रिकेट नहीं खेलता- इरफान पठान

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक इरफान पठान ने कहा,

“जब पाकिस्तान की बात आती है, तो देखिए, उनकी टीम में बहुत सारी समस्याएं हैं… जहां तक ​​कुछ सीनियर खिलाड़ियों की बात है, तो वे मॉर्डन-डे में उस तरह का आक्रामक क्रिकेट नहीं खेलते हैं, खासकर व्हाइट-बॉल वाले क्रिकेट में। तो, क्या वे इसे बदल सकते हैं? यह बहुत मुश्किल है। लेकिन कमजोरियों और ताकत से ज्यादा, यह सब भारत-पाकिस्तान के मौके के बारे में है। जो भी इस मौके को वास्तव में अच्छी तरह से संभालता है, वह टीम जीतती है,”

भारत के खिलाफ मैच पाकिस्तान के लिए करो या मरो मुकाबला है, क्योंकि अगर टीम यह मैच हार जाती है तो वे सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो जाएगी। इरफान पठान का मानना है कि टीम इंडिया अपने मौजूदा फॉर्म के चलते पाकिस्तान को मात देगी।

“हमने हाल ही में भारतीय टीम के साथ जो देखा है, उससे पता चलता है कि हम मुश्किल परिस्थितियों और बड़े मौकों से कैसे निपटना है। जहां तक ​​टैलेंट की बात है, हम काफी आगे हैं, खासकर वनडे क्रिकेट में। हमारी टीम में ऑलराउंडर खिलाड़ी भी हैं। अक्षर (पटेल) विकेट ले रहे हैं और हमारे पास कई विकल्प भी हैं।”

इरफान पठान ने शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली और मोहम्मद शमी जैसे खिलाड़ियों के फॉर्म के बारे में भी बात की और इस बात पर जोर दिया कि टीम आगे मोमेंटम बरकरार रखती हुई नजर आएगी।

close whatsapp