सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा भारत

सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा भारत, न्यूजीलैंड को मात देकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर बनाई जगह

भारत ने न्यूजीलैंड को ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में 44 रन से मात दी।

India (Photo Source: Getty Images)
India (Photo Source: Getty Images)

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 ग्रुप स्टेज राउंड का आखिरी मैच 2 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच दुबई में खेला गया। टीम इंंडिया ने कीवियों को 44 रनों से पटखनी देकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट खोकर 249 रन बनाए थे। इसके जवाब में न्यूजीलैंड लक्ष्य का पीछा करते हुए 45.3 ओवरों में 205 के स्कोर पर सिमट गई।

न्यूजीलैंड को शिकस्त देकर रोहित शर्मा एंड कंपनी ने ग्रुप-ए पॉइंट्स टेबल में तीन मैचों में तीन जीत, 6 अंकों के साथ पहले स्थान पर जगह बनाई। यानी कि अब टीम पहले सेमीफाइनल में 4 मार्च को ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगी।

श्रेयस अय्यर ने खेली शानदार पारी

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच की बात करें तो, टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया को खराब शुरुआत मिली थी। टीम ने मात्र 30 के स्कोर पर तीन बड़े विकेट गंवा दिए थे। शुभमन गिल (2), रोहित शर्मा (15) और विराट कोहली (11) तीनों ही सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी निभाई।

अक्षर पटेल ने 61 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के की मदद से 42 रन की पारी खेली। वहीं श्रेयस अय्यर ने 98 गेंदों में 4 चौके और दो छक्कों की मदद से 79 रन की शानदार पारी खेली। जबकि हार्दिक पांड्या ने 45 गेंदों में 45 रन बनाकर अहम योगदान दिया।

न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने 8 ओवर में 42 रन देकर सर्वाधिक पांच विकेट झटके। वहीं, काइल जैमिसन, विलियम ओरुर्के, मिचेल सैंटनर और रचिन रवींद्र ने 1-1 विकेट लिया।

वरुण चक्रवर्ती ने चटकाए पांच विकेट

रन चेज में न्यूजीलैंड की टीम पूरी तरह से भारतीय स्पिनरों के जाल में फंस गई। वरुण चक्रवर्ती ने 10 ओवर में 42 रन देकर सर्वाधिक पांच विकेट चटकाए। उन्होंने विल यंग (22), ग्लेन फिलिप्स (12), माइकल ब्रेसवेल (2), मैट हेनरी (2), और मिचेल सैंटनर (28) का विकेट लिया।

न्यूजीलैंड के लिए केन विलियमसन ने 120 गेंदों में 81 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। वरुण के अलावा, कुलदीप यादव ने दो विकेट झटके। वहीं, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा के नाम 1-1 विकेट रहा।

close whatsapp