IPL में ऐसा कारनामा करने वाले पहले गेंदबाज बने मोहम्मद शमी, भुवी-मलिंगा को छोड़ा पीछे
मोहम्मद शमी ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 3 ओवर में 28 रन देकर एक विकेट लिया था।
अद्यतन - Apr 26, 2025 10:19 am

IPL 2025: सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने पिछले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी। सीएसके पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने घर पर 19.5 ओवरों में 154 के स्कोर पर सिमट गई थी। हैदराबाद की टीम ने 18.4 ओवरों में लक्ष्य का पीछा कर शानदार जीत हासिल की।
चेन्नई के खिलाफ मैच में मोहम्मद शमी का प्रदर्शन अच्छा ही रहा, उन्होंने 3 ओवर में 28 रन देकर एक विकेट झटका। हालांकि, अपने इस स्पैल के दौरान शमी ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। तेज गेंदबाज ने भुवनेश्वर कुमार, लसिथ मलिंगा जैसे खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है।
शमी ने किया बड़ा कारनामा
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में पारी के पहले ओवर की पहली ही गेंद पर शेख रशीद को आउट कर मोहम्मद शमी ने इतिहास रच दिया। वह आईपीएल में चार बार पारी की पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले एकमात्र गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, ट्रेंट बोल्ट, प्रवीण कुमार और लसिथ मलिंगा जैसे गेंदबाजों को पीछे छोड़ा, जिन्होंने तीन बार पारी की पहली ही गेंद पर विकेट लिया है।
इस तरह से आउट हुए थे शेख रशीद
मोहम्मद शमी ने अच्छे लेंथ के साथ गेंद डाली थी, जिस पर बाउंस मिला। रशीद ने कठिन हाथों से खेलने की कोशिश की, लेकिन आउटसाइड एज लगा और स्लिप पर तैनात अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन कैच पकड़ा। और रशीद को गोल्डन डक पर पवेलियन वापस लौटन पड़ा।
This version of Mohammed Shami — fierce, focused, fiery —
is what every fan has been missing!#MohammedShami #IPL2025 #FirstBallWicket #CSKvsSRHpic.twitter.com/6epAO9WbJL— Ganesh 🇮🇳 (@GaneshVerse) April 25, 2025
जारी आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के प्रदर्शन के बात करें तो दोनों ही टीमों के लिए अब तक का सफर किसी बुरे सपने की तरह रहा है। सीएसके 9 मैचों में सिर्फ दो जीत के साथ इस वक्त पॉइंट्स टेबल में 10वें स्थान पर है। जबकि हैदराबाद 9 मैच में तीन जीत, 6 अंक के साथ 8वें स्थान पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पिछली बार जो कारनामा किया था, उसे देखते हुए दोनों ही टीमें हार नहीं मानना चाहेंगी। देखना होगा आने वाले मैचों में हैदराबाद और चेन्नई की टीमें कैसा प्रदर्शन करती है।