ENG vs WI, 1st ODI: रिकॉर्ड टोटल के दम पर इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को दी करारी शिकस्त
वेस्टइंडीज की टीम पहले वनडे में 401 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 162 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई।
अद्यतन - मई 30, 2025 11:59 पूर्वाह्न

इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 29 मई को एजबस्टन में खेला गया। मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 400 रन बनाए थे। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 26.2 ओवरों में 162 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड ने 238 रनों से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।
इंग्लैंड वनडे इतिहास में ऐसा कारनामा करने वाली बनीं पहली टीम
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में इंग्लैंड के लिए ओपनर जेमी स्मिथ और बेन डकेट ने क्रमशः 37 और 60 रन बनाए। अच्छी शुरुआत के बाद, जो रूट और कप्तान हैरी ब्रूक ने भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए क्रमशः 57 और 58 रन की पारी खेली। इसके अलावा, जोस बटलर ने भी 37 रन जोड़े।
टॉप आर्डर के शानदार प्रदर्शन के बाद, मिडिल ऑर्डर में जैकब बेथेल ने भी शानदार खेल दिखाया, उन्होंने 53 गेंदों में 8 चौके और 5 छक्कों की मदद से 82 रन बनाए। जबकि विल जैक्स ने भी 39 रन का योगदान दिया, जिसके चलते इंग्लैंड ने 400 रनों का टोटल खड़ा किया।
इंग्लैंड ने 400 रन बनाते ही एक अनोखी उपलब्धि हासिल की। टीम इतिहास की पहली टीम बन गई जिसने बिना किसी बल्लेबाज के शतक बनाए वनडे क्रिकेट में 400 रन बनाए। इसके अलावा, यह वनडे मैच में पहला मौका था जब सात बल्लेबाजों ने एक ही वनडे पारी में 30+ पारियां खेली हैं।
इंग्लैंड ने की शानदार गेंदबाजी
401 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम शुरुआत से ही लय में नजर नहीं आई। टीम ने 79 के स्कोर पर पहले पांच विकेट गंवा दिए थे और फिर 162 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। कप्तान जेडन सील्स ने 14 गेंदों में सर्वाधिक 29 रन की पारी खेली।
इंग्लैंड के लिए जेमी ओवर्टन ने 5.2 ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट झटके। वहीं साकिब महमूद ने भी 7 ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट चटकाए। इनके अलावा, आदिल रशीद ने दो विकेट और ब्रायडन कार्से, जैकब बैथेल ने 1-1 विकेट लिए।