SL vs IND 2026: पहला टेस्ट जीतने के बाद भी श्रीलंका के खिलाफ बदलाव कर सकता है भारत: रिपोर्ट
गाॅल टेस्ट मैच में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 165 रनों से जीत हासिल की थी।
अद्यतन - अगस्त 20, 2026 11:56 पूर्वाह्न

ताजा मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो श्रीलंका के खिलाफ गाॅल में 165 रनों से जीत हासिल करने के बाद भी, भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर सकती है। दूसरा टेस्ट मैच 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला जाएगा।
तो वहीं, इस मैच से पहले अगर इंडिया टुडे की मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अनुभवी ऑलराउंडर सारांश जैन (Saransh Jain) को मुकाबले के लिए भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले जैन को श्रीलंका दौरे के लिए वाॅशिंगटन सुंदर के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया था। लेकिन, अब वह श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में डेब्यू करने के लिए एकदम तैयार नजर आ रहे हैं।
दाएं हाथ के ऑफ-स्पिनर और बाएं हाथ के काबिल लोअर-मिडल-ऑर्डर बल्लेबाज सारांश ने 2014 में अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया था और उन्हें भारतीय टीम में चुने जाने के लिए लगभग 12 साल तक इंतजार करना पड़ा।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अगर सारांश डेब्यू करते हैं, तो उनके प्लेइंग XI में बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव की जगह लेने की संभावना है। गॉल टेस्ट में स्पिनरों के लिए काफी मददगार पिच होने के बावजूद, कुलदीप कोई खास असर नहीं डाल पाए और उन्होंने 25 ओवर में 103 रन खर्च करते हुए सिर्फ 1 विकेट हासिल किया था।
घरेलू क्रिकेट में खुद को साबित कर चुके हैं Saransh Jain
इंदौर के रहने वाले 33 वर्षीय ऑफ-स्पिनिंग ऑलराउंडर घरेलू रेड-बॉल क्रिकेट में एक दशक से भी अधिक समय से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। दिसंबर 2014 में मध्य प्रदेश के लिए फर्स्ट-क्लास डेब्यू करने के बाद, वे धीरे-धीरे अपनी राज्य टीम, सेंट्रल जोन और रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए एक अहम खिलाड़ी बन गए। मुख्य रूप से स्पिन गेंदबाज और निचले क्रम के उपयोगी बल्लेबाज के तौर पर खेलते हुए, उन्होंने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 181 विकेट लिए हैं और बल्ले से 2,223 रन बनाए हैं।
ये भी पढ़ें – पूर्व टी20 वर्ल्ड चैंपियन ने चुनी World Cup 2027 के लिए भारतीय टीम, मोहम्मद शमी को नहीं दी जगह