SMAT 2026: दिल्ली ने की स्क्वाॅड की घोषणा, हर्षित राणा और मयंक यादव को मिली जगह

SMAT 2026: दिल्ली ने की स्क्वाॅड की घोषणा, हर्षित राणा और मयंक यादव को मिली जगह

आगामी टी20 घरेलू टूर्नामेंट में दिल्ली की कमान आयुष बडोनी संभालते हुए नजर आएंगे

Harshit Rana and Mayank Yadav (Image Credit- Twitter X)
Harshit Rana and Mayank Yadav (Image Credit- Twitter X)

दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने आगामी घरेलू टी20 टूर्नामेंट, सैयद मुश्ताक अली ट्राॅफी के लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। अनुभवी गेंदबाज हर्षित राणा की वापसी हुई है, जो इंजरी के चलते जुलाई 2026 के बाद कोई भी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेल पाए हैं। इसके अलावा मयंक यादव को भी टीम में जगह मिली है, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया का हिस्सा थे।

इस बीच, ऑलराउंडर आयुष बडोनी को कप्तान घोषित किया गया है। बडोनी शानदार फॉर्म के साथ इस प्रमुख घरेलू T20 टूर्नामेंट में उतर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने रणजी ट्रॉफी (रेड-बॉल फॉर्मेट) में दो बड़े दोहरे शतक लगाए हैं। गुजरात के खिलाफ दोहरा शतक जड़ने वाले प्रियांश आर्य को उप-कप्तान बनाया गया है। चुनी गई टीम में अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, आक्रामक टॉप-ऑर्डर बल्लेबाजों और तेज गति वाले गेंदबाजों का एक दिलचस्प मिक्स देखने को मिला है।

दूसरी ओर, अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा की वापसी हुई है, जो दिल्ली के तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान संभालेंगे। मयंक और हर्षित के शामिल होने से टीम की गति में और तेजी आएगी, जबकि सिमरजीत सिंह के साथ मिलकर यह एक मजबूत तेज गेंदबाजी आक्रमण तैयार होता है, जो विरोधी टीम की बल्लेबाजी को कड़ी चुनौती देगा। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी लेग-स्पिनर सुयश शर्मा और मिस्ट्री स्पिनर दिगवेश राठी के कंधों पर होगी, जिन्हें ऑलराउंडर मयंक रावत और केशव डबास का भी साथ मिलेगा।

SMAT 2026 के लिए दिल्ली की टीम

आयुष बडोनी (कप्तान), प्रियांश आर्य (उप-कप्तान), सार्थक रंजन, यश ढुल, आयुष डोसेजा, तेजस्वी दहिया (विकेटकीपर), अनुज रावत (विकेटकीपर), हिम्मत सिंह, मयंक रावत, केशव डबास, सुयश शर्मा, दिग्वेश राठी, ईशांत शर्मा, हर्षित राणा, मयंक यादव और सिमरजीत सिंह

ये भी पढ़ें – ‘मुंबई इंडियंस हार्दिक पांड्या को ज्यादा मिस नहीं करेगी’ पूर्व भारतीय ने किया बड़ा दावा

close whatsapp