एबी डीविलियर्स ने अपने आईपीएल सफर के शुरुआती दिनों की सबसे खास बात बताई
एबी डिविलियर्स साल 2008 से लेकर 2021 तक आईपीएल का हिस्सा रहे हैं।
अद्यतन - Dec 30, 2022 6:05 pm

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने कहा कि जिस तरह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ने पिछले कुछ वर्षों में कई लोगों के जीवन को व्यक्तिगत और प्रोफेशनल दोनों स्तरों पर पूरी तरह से बदल दिया, उन्हें उम्मीद है कि क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (CSA) की SA20 लीग भी ऐसा ही कारनामा करेगी।
दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज ने आगे कहा SA20 सही समय पर शुरू हो रहा है, और उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फ्रेंचाइजी लीग दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट को सुनहरा भविष्य देगी, और युवाओं को उच्चतम स्तर पर एक्सपोजर प्राप्त करने के लिए एक आधार प्रदान देगी। आपको बता दें, SA20 का पहला सीजन 10 जनवरी 2023 से शुरू होने जा रहा है, जिसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी।
आईपीएल की शुरुआत ने हम सभी की जिंदगी बदल दी: एबी डिविलियर्स
इस बीच, एबी डिविलियर्स ने खुलासा किया कि उनके आईपीएल करियर के शुरुआती दिनों के दौरान ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ग्लेन मैक्ग्रा के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना सबसे अहम और खास था। इस दौरान उन्हें मैक्ग्रा से बहुत सारी चीजें सिखने को मिली और अब यह अवसर SA20 लीग दक्षिण अफ्रीका के युवा खिलाड़ियों को देगा।
एबी डिविलियर्स ने SA क्रिकेट मैगजीन के हवाले से कहा: ‘मुझे लगता है कि SA20 का आगाज दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट के लिए सही समय पर हो रहा है। हमने देखा है कि घरेलू फ्रेंचाइजी लीगों ने उन देशों में क्रिकेट के लिए कितनी अद्भुत चीजें की हैं, इसलिए मुझे उम्मीद है कि SA20 का भी यही रिजल्ट आएगा। आईपीएल का हिस्सा होना मेरे और कई अन्य खिलाड़ियों के लिए बहुत बड़ा अवसर था। आईपीएल की शुरुआत ने हम सभी की जिंदगी बदल दी।
भारत में लोग सच में क्रिकेट के बहुत बड़े दीवाने हैं। वे न केवल घरेलू टीम बल्कि अन्य टीमों के सदस्यों को भी सपोर्ट करते हैं। मेरे लिए सबसे बड़ी बात यह है कि मैं अपने आईपीएल करियर के दौरान बहुत से बेहतरीन लोगों से मिला हूं। मैं अक्सर ग्लेन मैक्ग्रा और उनके साथ बिताए समय के बारे में सोचता हूं, मेरे लिए वे पल बहुत खास थे। वह बेहद सख्त किश्म के इंसान थे और फिर अचानक से मैं उनके साथ चेंजरूम में बैठा हूं और बीयर पी रहा हूं। यह सबसे अलग था, मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है।’