दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पृथ्वी शॉ को वनडे टीम में नहीं किया गया शामिल, सोशल मीडिया के जरिए अपना दुख किया बयां
पृथ्वी शॉ ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि, 'किसी के शब्दों पर नहीं, उनके कर्मों पर भरोसा करो। क्योंकि कर्म ही साबित करेंगे कि उनके शब्दों का कोई अर्थ नहीं था।'
अद्यतन - अक्टूबर 3, 2022 4:42 अपराह्न

जहां एक तरफ भारतीय टी-20 टीम आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए पूरी तरह से तैयार है, वहीं दूसरी ओर BCCI ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। टीम की कप्तानी का जिम्मा शिखर धवन को मिला है, वहीं उप-कप्तानी श्रेयस अय्यर संभालेंगे। रजत पाटीदार और मुकेश कुमार पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर में भारतीय टीम में शामिल हुए हैं। इस टीम में कई लोगों की वापसी हुई है लेकिन पृथ्वी शॉ का नाम दूर-दूर तक नहीं लिया गया।
इस समय भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज खेली जा रही है और इसके बाद ही तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। टीम की घोषणा के बाद पृथ्वी शॉ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में एक संदेश को साझा किया।
ये रही पृथ्वी शॉ इंस्टाग्राम स्टोरी:
Prithvi Shaw's Instagram story. pic.twitter.com/t31ZUIcvdR
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) October 2, 2022
पृथ्वी शॉ ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि, ‘किसी के शब्दों पर नहीं, उनके कर्मों पर भरोसा करो। क्योंकि कर्म ही साबित करेंगे कि उनके शब्दों का कोई अर्थ नहीं था।’ हालांकि पृथ्वी शॉ ने यहां किसी का भी नाम नहीं लिया है, लेकिन माना यही जा रहा है कि वे BCCI से काफी निराश हैं।
बता दें, हाल ही में इंडिया ए टीम ने न्यूजीलैंड ए टीम के साथ तीन मुकाबलों की अनौपचारिक टेस्ट और वनडे सीरीज खेली। प्रियांक पांचाल ने टेस्ट टीम की कप्तानी की, वहीं संजू सैमसन ने वनडे दल की कप्तानी का जिम्मा उठाया। शॉ वनडे दल का हिस्सा थे और उन्होंने दो अनौपचारिक वनडे मैच में 94 रन बनाए।
IPL 2022 में भी पृथ्वी शॉ का प्रदर्शन काफी शानदार रहा था। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (DC) की ओर से खेलते हुए टीम को पावरप्ले में जबरदस्त शुरुआत दिलाई थी। इसके बाद घरेलू क्रिकेट में भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। तमाम लोगों को उम्मीद थी कि युवा भारतीय बल्लेबाज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जबरदस्त वापसी करेगा लेकिन ऐसा हो नहीं पाया।
पृथ्वी शॉ इस बात से काफी नाराज हैं कि उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। शॉ ने श्रीलंका के खिलाफ 2021 में अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबला खेला था।