IPL 2023 के मिनी ऑक्शन से पहले अनिल कुंबले ने मुंबई इंडियंस को दी बड़ी सलाह - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2023 के मिनी ऑक्शन से पहले अनिल कुंबले ने मुंबई इंडियंस को दी बड़ी सलाह

मुंबई इंडियंस का पिछला सत्र काफी निराशाजनक रहा था। उन्होंने पिछले सत्र में 14 मुकाबलों में सिर्फ चार में जीत दर्ज की थी और वो अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी।

Anil Kumble. (Photo Source: Twitter)
Anil Kumble. (Photo Source: Twitter)

भारत के पूर्व स्पिनर अनिल कुंबले ने कहा है कि पांच बार की IPL विजेता मुंबई इंडियंस (MI) की टीम में कोई भी मार्की स्पिनर नहीं है और आगामी IPL 2023 के मिनी ऑक्शन में उन्हें अपने दल में बेहतरीन स्पिनरों को शामिल करना चाहिए।

इसके साथ ही अनिल कुंबले ने युवा स्पिनर कुमार कार्तिकेय की भी जमकर तारीफ की। कुंबले की माने तो कुमार कार्तिकेय ने पिछले सत्र में मुंबई फ्रेंचाइजी के लिए कमाल का प्रदर्शन किया था। अनिल कुंबले की माने तो मुंबई इंडियंस को अपने दल में विदेशी स्पिनरों को भी चुनना चाहिए। तबरेज़ शम्सी, एडम जंपा और आदिल राशिद टीम के लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं।

मुंबई इंडियंस को अनिल कुंबले ने दी यह सलाह

जिओ सिनेमा में बात करते हुए अनिल कुंबले ने कहा कि, ‘मुंबई इंडियंस के पास उनके दल में कोई भी मार्की स्पिनर नहीं है। कार्तिकेय ने पिछले साल काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। अगर उन्हें कोई अनुभवी भारतीय स्पिनर चाहिए तो उन्हें अपने दल में अमित मिश्रा या पीयूष चावला को शामिल करना चाहिए। लेकिन मैं ऐसा होता भी नहीं देख रहा हूं। इसी वजह से उन्हें एक विदेशी स्पिनर का विकल्प जरूर अपनी टीम में रखना चाहिए। कौन होगा वो? आदिल राशिद तबरेज शम्सी, एडम ज़ंपा?’

बता दें, मुंबई इंडियंस का पिछला सत्र काफी निराशाजनक रहा था। उन्होंने पिछले सत्र में 14 मुकाबलों में सिर्फ चार में जीत दर्ज की थी और वो अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी। सबसे बड़ी बात यह थी कि टीम ने शुरुआती 8 मुकाबले लगातार हारे थे।

हालांकि इस बार वो अपने पिछले प्रदर्शन को बुलाकर अच्छी बल्लेबाजी और गेंदबाजी करने को देखेगी और कई शानदार खिलाड़ियों को अपने दल में शामिल करना चाहेगी। 23 सितंबर को कोच्चि में IPL 2023 का मिनी ऑक्शन होगा।

बता दें, आगामी मिनी ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस के बेहतरीन ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड ने भी IPL 2023 से संन्यास लेने का फैसला किया था और फ्रेंचाइजी उनकी जगह भी किसी को अपने दल में शामिल करना चाहेगी।

close whatsapp