चोटिल शाहीन अफरीदी का अपने टीम साथियों को संदेश- ‘एशिया कप जाना नहीं चाहिए’
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक छोटी सी क्लिप साझा की है जिसमें शाहीन अफरीदी ने अपनी रिहैबिलिटेशन की स्थिति साझा की।
अद्यतन - सितम्बर 6, 2022 6:45 अपराह्न

4 सितंबर को खेले गए एशिया कप 2022 के सुपर 4 मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 5 विकेट से मात दी, जिसके बाद टीम के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को अपने साथी नसीम शाह और हारिस रउफ के साथ मजेदार बातचीत करते हुए देखा गया।
बता दें, घुटने में लगी चोट की वजह से अफरीदी इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं। उनको यह चोट जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में फील्डिंग करते हुए लगी। शाहीन इस समय UK में हैं और अपना इलाज करवा रहे हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एक छोटी सी क्लिप साझा की है जिसमें अफरीदी ने अपनी रिहैबिलिटेशन की स्थिति साझा की। इस युवा तेज गेंदबाज ने कहा कि, ‘रिहैबिलिटेशन वेट ट्रेनिंग के साथ अच्छा चल रहा है। दो हफ्तों में मैं गेंदबाजी भी करूंगा। छह पैक एब्स आया है थोड़ा सा।’ इसपर रउफ ने उनसे पूछा कि, ‘हां! आपने बाद में एक्टर बनने की योजना बनाई है। है ना?’
The pacers club 🙌
🔊🔛 A fun virtual meet-up for @iShaheenAfridi, @iNaseemShah and @HarisRauf14 🤩#AsiaCup2022 | #BackTheBoysInGreen pic.twitter.com/VXBYG30UkP
— Pakistan Cricket (@TheRealPCB) September 5, 2022
इसके बाद वीडियो के अंत में शाहीन ने अपने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देते हुए कहा कि, ‘चाहे कुछ भी हो जाए एशिया कप जाना नहीं चाहिए।’
मुझे डर है कि कहीं शाहीन अफरीदी टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर ना हो जाए: मोहम्मद हफीज
सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए मोहम्मद हफीज ने शाहीन अफरीदी को लेकर कहा कि, ‘इस चोट को लगने के बाद शाहीन अफरीदी पहले जितने अच्छे नहीं लग रहे हैं। मुझे उनकी काफी चिंता हो रही है। जब आपको चोट लगती है तो उसे ठीक होने में समय लगता है और अगर आप रिहैब के लिए देर करते हैं तो इसमें और समय जाता है।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘मुझे यह सोचकर काफी डर लग रहा है कि कहीं शाहीन अफरीदी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से भी बाहर ना हो जाएं। ऐसा इसलिए भी क्योंकि अगर आप की चोट और बुरी हो जाती है तो रिहैब में भी काफी समय जाता है। अगर आने वाले 5 से 6 हफ्तों में शाहीन अफरीदी उपलब्ध रहते हैं तब ठीक है, वर्ना…’
बता दें, टी-20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ सात मुकाबलों की टी-20 सीरीज भी खेलनी है। यह सीरीज 20 सितंबर से शुरू होगी।