‘इस मैच के दौरान बाहर का माहौल बहुत अलग होता है’- भारत-पाक मुकाबले को लेकर बोले विराट कोहली
आखिरी बार दोनों टीमें 2022 टी-20 वर्ल्ड कप में आमने-सामने हुई थी।
अद्यतन - अगस्त 18, 2023 10:42 पूर्वाह्न

पिछले कुछ सालों में भारत बनाम पाकिस्तान का मुकाबला बिल्कुल नए स्तर पर पहुंच गया है। पाकिस्तान ने 2021 टी-20 वर्ल्ड कप में भारत को हराया जबकि टीम इंडिया उसके बाद भी ICC टूर्नामेंट्स में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाई है। इसलिए, आगामी एशिया कप और वनडे विश्व कप से पहले रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम काफी दबाव में है।
इस बीच, पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले को लेकर बात करते हुए स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने कहा कि, ड्रेसिंग रूम का माहौल अन्य खेलों से बहुत अलग है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी अक्सर बाहर क्या हो रहा है और प्रशंसक जो बोल रहे हैं वो उसे नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं और इसलिए, इससे अतिरिक्त दबाव बढ़ जाता है। उन्होंने अंततः कहा कि एक बार जब खिलाड़ी स्टेडियम में प्रवेश करते हैं, तो स्थिति बदल जाती है और घबराहट शांत हो जाती है और हर कोई अपना स्वाभाविक काम करने लगता है।
विराट कोहली ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा कि, “मैं इस तथ्य से भाग नहीं सकता कि बाहर का माहौल इस मैच में बाकी अन्य मैचों से बहुत अलग है। यह वह चीज़ है जो बाहर से बनाई गई है जिसे आप वास्तव में नज़रअंदाज नहीं कर सकते। एक खिलाड़ी के तौर पर जब आप मैदान पर उतरते हैं तो यह आपके लिए ये नॉर्मल मैच होता है। बाहर का वातावरण आपको अंदर खींच सकता है। यह आपके आनंद लेने और उत्साहित होने के लिए है।”
साल 2023 में कई बार भारत-पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने
आपको बता दें कि, फैंस को 2023 में कई बार भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले का लुत्फ उठाने का मौका मिल सकता है। सबसे पहले दोनों टीमें एशिया कप में 2 सितंबर को एक-दूसरे से भिड़ेंगी और यदि दोनों टीमें सुपर 4 के लिए क्वालीफाई करती हैं, तो वे एक बार फिर आमने-सामने होंगी। यदि दोनों टीमें अंततः फाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाती हैं तो फिर फाइनल में उनका आमना-सामना होगा। इसके बाद वनडे वर्ल्ड कप में एक बार फिर भारत-पाकिस्तान मुकाबला होगा।
इससे पहले भारत-पाकिस्तान को लेकर बोलते हुए सौरव गांगुली ने कहा था कि, इस मैच को लेकर काफी प्रचार है लेकिन लंबे समय से इसकी गुणवत्ता उतनी अच्छी नहीं रही क्योंकि भारत एकतरफा जीतता रहा। गांगुली ने कहा, पाकिस्तान ने संभवत: दुबई में टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार भारत को हराया।