शादी के बंधन में बंधे ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श
दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजी कोच जेम्स होप ने इस बात की पुष्टि की है कि मार्श फ्रेंचाइजी के आने वाले तीन मुकाबलों को मिस कर सकते हैं।
अद्यतन - अप्रैल 10, 2023 2:46 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर मिचेल मार्श शादी के बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने आज यानी 10 अप्रैल को अपनी मंगेतर ग्रेटा मैक से शादी की। दोनों ने दो साल पहले सगाई की थी। हाल ही में मिचेल मार्श IPL को बीच में छोड़कर अपने देश वापस लौट गए थे। वो शादी करने के लिए ही अपने देश लौटे थे।
शादी की वजह से ही मिचेल मार्श इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में नहीं खेल पाए थे। बता दें, वो इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेल रहे हैं। उन्होंने यह शादी साउथवेस्ट ऑस्ट्रेलिया में की जहां उनके परिवार वाले और करीबी दोस्त भी मौजूद थे। मिचेल मार्श ने अपनी शादी की तस्वीर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट में भी साझा की।
शादी के लिए ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के बीच में ही अपने देश वापस लौट गए थे। दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजी कोच जेम्स होप ने इस बात की पुष्टि की है कि मार्श फ्रेंचाइजी के आने वाले तीन मुकाबलों को मिस कर सकते हैं। रोवमैन पॉवेल ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर की जगह बचे हुए मुकाबले खेलेंगे और जब मार्श वापस टीम से जुड़ जाएंगे तब शायद वेस्टइंडीज खिलाड़ी को प्लेइंग XI से बाहर किया जा सकता है।
Australian cricketer Mitchell Marsh has tied the knot with his long-term partner Greta Mack surrounded by loved ones at a beautiful ceremony in the South West.
Many congratulations to Mitchell Marsh and Greta Mack ❤️
📸: Mitchell Marsh#MitchellMarsh #CricTracker pic.twitter.com/FZz52yiNFw
— CricTracker (@Cricketracker) April 10, 2023
दिल्ली कैपिटल्स को अपना अगला मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलना है
दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में कुल 3 मुकाबले खेले हैं और तीनों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। शुरुआती दो मुकाबलों में मिचेल मार्श दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग XI में शामिल थे। दिल्ली कैपिटल्स को उनके पहले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 50 रनों से शिकस्त मिली थी। दूसरे मुकाबले में उन्हें गुजरात टाइटंस के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के अपने तीसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 57 रनों से हार मिली थी। अब दिल्ली फ्रेंचाइजी को अपना चौथा मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ 11 अप्रैल को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेलना है। मुंबई इंडियंस की बात की जाए तो उन्होंने अभी तक IPL 2023 में दो मैच खेले हैं और दोनों में उन्हें करारी शिकस्त मिली है।
पहले मैच में उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने हराया था जबकि दूसरे में उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ करारी शिकस्त मिली थी। दिल्ली कैपिटल्स को मिचेल मार्श की कमी जरूर खलेगी।