बाबर आजम ने बताया 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ जड़ा मैच जिताऊ शतक उनकी सबसे पसंदीदा पारियों में से एक है - क्रिकट्रैकर हिंदी

बाबर आजम ने बताया 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ जड़ा मैच जिताऊ शतक उनकी सबसे पसंदीदा पारियों में से एक है

बाबर आजम इस समय ICC वनडे पुरुष रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं और हाल ही में उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मुकाबले में इस प्रारूप में अपने 5000 रन पूरे किए।

Babar Azam (Image Source: A Sports/Twitter)
Babar Azam (Image Source: A Sports/Twitter)

पाकिस्तान टीम के अनुभवी बल्लेबाज और कप्तान बाबर आजम को इस समय के बेहतरीन बल्लेबाजों में गिना जाता है। बाबर आजम इस समय ICC वनडे पुरुष रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं और हाल ही में उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मुकाबले में इस प्रारूप में अपने 5000 रन पूरे किए।

बाबर आजम वनडे प्रारूप में 5000 रन पूरे करने वाले सबसे तेज बल्लेबाज बने हैं। अभी तक उन्होंने पाकिस्तान के लिए 100 वनडे मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 59.17 के औसत और 89.25 के स्ट्राइक रेट से 5089 रन बनाए हैं। उनके नाम 18 शतक भी मौजूद है। हाल ही में पाकिस्तानी बल्लेबाज से पूछा गया कि अपने 8 साल के लंबे वनडे करियर में उनकी सबसे पसंदीदा पारी कौन सी है? इस पर बाबर आजम ने बड़ा खुलासा किया।

पाकिस्तान क्रिकेट के सोशल मीडिया अकाउंट में एक इंटरव्यू के दौरान बाबर आजम ने कहा कि, ‘न्यूजीलैंड के खिलाफ जो मैंने शतक जड़ा था वो मेरे लिए हमेशा काफी यादगार होगा। हमने उन्हें काफी अच्छे स्कोर में रोक दिया था। इसके बाद वहां काफी बादल आ गए और थोड़ी बहुत बारिश भी देखने को मिली। बारिश के बाद स्पिनर्स को काफी मदद मिलने लगी और चीजें बहुत ही मुश्किल होने लगी।

मुझे और हारिस को साझेदारी बनाने की बेहद जरूरत थी ताकि मुकाबले में थोड़ा बदलाव देखने को मिले। हमने सोचा कि हम स्पिनर्स को वैसा ही खेलेंगे जैसे टेस्ट मैच को खेलते हैं।

बाबर आजम ने 2019 वनडे वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली थी 101 रन की नाबाद मैच जिताऊ पारी

बता दें, उस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 237 रन बनाए थे और पाकिस्तान को 238 रनों का लक्ष्य दिया था। टीम एक समय अपने 3 विकेट 24.5 ओवर में 110 रन पर गंवा चुकी थी। इसके बाद बाबर आजम और हरिस सोहेल ने चौथे विकेट के लिए 126 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की और इस मैच को 6 विकेट रहते पाकिस्तान ने जीत लिया। हरिस सोहेल ने इस मैच में 68 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।

हाल ही में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को पांच मुकाबलों की वनडे सीरीज में 4-1 से मात दी। पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने पूरी सीरीज में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। इससे पहले इन्हीं दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज खेली गई थी जिसमें पाकिस्तान ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। पाकिस्तान टीम के प्रदर्शन की समय काफी लोग जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।’

close whatsapp