वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड टीम की घोषणा, इस नए खिलाड़ी को मिला मौका - क्रिकट्रैकर हिंदी

वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड टीम की घोषणा, इस नए खिलाड़ी को मिला मौका

वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच में सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 16 मार्च से खेला जाएगा।

Saqib Mahmood
Saqib Mahmood. (Photo by Gareth Copley/Getty Images)

वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच में दूसरा टेस्ट मैच 16 मार्च से खेला जाएगा। उससे पहले इंग्लैंड ने अपनी अंतिम एकादश की घोषणा कर दी है। दांए हाथ के तेज गेंदबाज मार्क वुड को इंग्लैंड की टीम में शामिल नहीं किया गया है। दरअसल वुड पहले टेस्ट मैच के दौरान एल्बो की समस्या से जूझते हुए दिखाई दिए थे। जिसके बाद वह एंटीगुआ में पहले टेस्ट के पांचवें दिन भी वह मैदान में नजर नहीं आये थे।

मार्क वुड के स्थान पर साकिब महमूद को टीम में शामिल किया गया है, इस मुकाबले में साकिब टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला कदम रखेंगे। मार्क वुड के अलावा ओली रॉबिन्सन भी मैच से बाहर हो गए हैं, पीठ में शिकायत होने के कारण वह पहले टेस्ट में भी शामिल नहीं हो सके थे। इस ऑलराउंडर की अनुपस्थिति में क्रिस वोक्स और क्रेग ओवरटन के पास खुद को साबित करने का सुनहरा मौका है।

पहले टेस्ट में इंग्लैंड की टीम ने मेहमानों को दी टक्कर

वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मैच ड्रा रहा लेकिन इंग्लैंड की टीम इस सीरीज में खुद को साबित करने की भरपूर कोशिश कर रही है। इससे पहले टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज टेस्ट सीरीज में 0-4 से शर्मनाक हार मिली थी, इस बड़ी हार के बाद टीम को काफी आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा। हालांकि वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम ने मेहमानों को शानदार तरीके से टक्कर दी।

पहले टेस्ट के दौरान इंग्लैंड टीम की तरफ से तीन शतकीय पारियां खेली गयी जिसमें कप्तान जो रूट, जैक क्राउली और जॉनी बेयरस्टो की शानदार शतकीय पारियां शामिल थी। इसके अलावा टीम की नजरें अब दूसरे टेस्ट में सलामी बल्लेबाज एलेक्स लीस पर होंगी, उन्होंने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में की थी। हालांकि वह अपने डेब्यू मैच में कुछ खास नहीं कर पाए, उन्होंने पहले टेस्ट की दोनों पारियों में कुल 10 रन ही बनाये।

वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन

एलेक्स लीस, जैक क्राउली, जो रूट (कप्तान), डैनियल लॉरेंस, बेन स्टोक्स, जॉनी बेयरस्टो, बेन फॉक्स (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, क्रेग ओवरटन, जैक लीच, साकिब महमूद।

close whatsapp