कोलकाता में करोड़ो का घर खरीदने के बाद सौरव गांगुली कहेंगे पुश्तैनी हवेली को अलविदा - क्रिकट्रैकर हिंदी

कोलकाता में करोड़ो का घर खरीदने के बाद सौरव गांगुली कहेंगे पुश्तैनी हवेली को अलविदा

फिलहाल, सौरव गांगुली अपने परिवार के साथ अपनी पुरानी पुश्तैनी हवेली में रह रहे हैं।

Sourav Ganguly. (Photo by SAM PANTHAKY/AFP via Getty Images)
Sourav Ganguly. (Photo by SAM PANTHAKY/AFP via Getty Images)

पूर्व भारतीय कप्तान और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली बंगाल के सबसे अमीर परिवारों में से एक से ताल्लुक रखते हैं। वह अपने चाहने वालों के बीच कोलकाता के राजकुमार (महाराज) और दादा के नाम से भी मशहूर हैं। उन्होंने अपना जीवन शुरू से ही शाही अंदाज में बिताया है, लेकिन क्रिकेट की दुनिया में अपना सिक्का जमाने के बाद उनकी शौहरत में चार चांद लग गए।

इस समय, सौरव गांगुली अपने परिवार के साथ अपनी पुरानी पुश्तैनी हवेली में रह रहे हैं, लेकिन वह जल्द ही इसे छोड़कर अपने नए घर, जिसकी कीमत कुल 40 करोड़ रूपए  है, में शिफ्ट हो जाएंगे। आपको बता दें, पूर्व कप्तान का जन्म और पालन-पोषण उनके बीरेन रॉय रोड पर स्थित पुश्तैनी हवेली में हुआ था, और उन्होंने अपने जीवन के 48 साल इसी घर में बिताए। लेकिन अब कोलकाता के सबसे पॉश एरिया में आलीशान घर खरीदने के बाद सौरव गांगुली ने अपनी पुश्तैनी हवेली को अलविदा कहने का फैसला किया है।

कोलकाता में करोड़ो का घर खरीदने के बाद सौरव गांगुली कहेंगे पुश्तैनी हवेली को अलविदा

आपको बता दें, सौरव गांगुली पहले ही लंदन के नॉर्थ हैरो में एक दो बीएचके अपार्टमेंट के मालिक हैं, वहीं उनकी पुश्तैनी हवेली अपने समय की सबसे महंगी हवेलियों में से एक थी, और आज भी उसकी कीमत करोड़ो में हैं। अब उन्होंने अपनी शौहरत को आगे बढ़ाते हुए लोअर रॉडन स्ट्री पर दो मंजिला आलीशान घर खरीदा है।

खबरों के अनुसार, सौरव गांगुली की मां निरूपा गांगुली, पत्नी डोना और बेटी सना के साथ खुद पूर्व कप्तान अपने इस नए आलीशान घर के सह-मालिक हैं। उन्होंने यह प्रॉपर्टी, जिसकी कीमत कथित तौर पर 40 करोड़ रूपए है, अनुपमा बागड़ी, केशव दास बिनानी और निकुंज बिनानी से खरीदी है। बीसीसीआई (BCCI) के अध्यक्ष अपने पुराने घर को छोड़ने को लेकर थोड़े भावुक हो गए थे जब उनसे इसे छोड़ने के बारे में पूछा गया था।

सौरव गांगुली ने द टेलीग्राफ के हवाले से कहा: “मैं खुश हूं कि अब मेरा अपना घर है। मुझे लगता है कि यह वही घर है, जैसा मैं  चाहता था। मेरा मानना है कि शहर के बीच में रहना आरामदायक और सुविधाजनक होगा, लेकिन सबसे मुश्किल काम उस घर को छोड़ना है, जहां मैं 48 सालों से रह रहा हूं।”

हालांकि, सौरव गांगुली अपने परिवार के साथ अपने नए घर में कब शिफ्ट होंगे इसका कोई अंदाजा नहीं है, क्योंकि इस समय वह आईपीएल 2022 और आगामी दक्षिण अफ्रीका सीरीज की तैयारियों में व्यस्त हैं।

close whatsapp