बड़े दिल वाले हैं हिटमैन, मैच खत्म होते ही गेल के Tweet का दिया जवाब
क्रिस गेल ने अपनी और रोहित शर्मा की तस्वीर को साझा किया जिसमें देखा जा सकता है कि दोनों खिलाड़ियों का नेशनल जर्सी नंबर 45 है और दोनों साथ में खड़े हुए।
अद्यतन - Oct 12, 2023 1:24 pm

भारतीय टीम के शानदार कप्तान रोहित शर्मा ने 11 अक्टूबर को खेले गए अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के कई रिकॉर्ड्स को तोड़ा। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ जबर्दस्त बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण शतक भी जड़ा। इसी बीच रोहित शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब सबसे ज्यादा छक्के जड़ दिए हैं और उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल के इस रिकार्ड को भी तोड़ा।
जैसे ही रोहित शर्मा ने क्रिस गेल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के के रिकॉर्ड को तोड़ा वैसे ही वेस्टइंडीज के
दिग्गज बल्लेबाज ने उन्हें सोशल मीडिया पर ढेर सारी बधाई दी। क्रिस गेल ने अपनी और रोहित शर्मा की तस्वीर को साझा किया जिसमें देखा जा सकता है कि दोनों खिलाड़ियों का नेशनल जर्सी नंबर 45 है और दोनों साथ में खड़े हुए। उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा कि, ‘आपको मुबारक रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के लिए। #45 स्पेशल।’
अब इसी पर भारतीय कप्तान ने भी बेहतरीन जवाब दिया है। उन्होंने इस ट्वीट पर जवाब देते हुए लिखा कि, ‘शुक्रिया CG। 4 और 5 पीठ में लेकिन हमारा सबसे पसंदीदा नंबर 6 है।’
यह रहा क्रिस गेल का ट्वीट और रोहित शर्मा का जवाब:
Congrats, @ImRo45 – Most Sixes in International cricket. #45 Special 🙌🏿 pic.twitter.com/kmDlM1dIAj
— Chris Gayle (@henrygayle) October 11, 2023
Thanks CG 🤙
4&5 on the back but our favorite number is 6 😄— Rohit Sharma (@ImRo45) October 12, 2023
इन दोनों ही खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विस्फोटक बल्लेबाजों में गिना जाता है। इन सबके अलावा रोहित शर्मा ने और भी कई रिकॉर्ड तोड़े। रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की ओर से वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक जड़ा। यही नहीं उन्होंने सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के के रिकॉर्ड को भी तोड़ा। सचिन तेंदुलकर ने वनडे वर्ल्ड कप में कुल 6 शतक जड़े थे और अब रोहित शर्मा ने इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में 7 शतक जड़ दिए हैं।
क्रिस गेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 553 छक्के जड़े थे जबकि अब रोहित शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 556 छक्के जड़ दिए हैं। इस समय रोहित शर्मा काफी अच्छे फॉर्म में है और भारतीय फैंस भी इस चीज को देखकर काफी खुश है। अब भारत को 14 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मैच खेलना है और उसमें भी रोहित शर्मा का बल्ला चलना बेहद जरूरी है अगर भारतीय टीम को जीत दर्ज करनी है तो। बता दें, भारतीय टीम ने अभी तक आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में दो मैच खेले हैं और दोनों में उन्होंने जीत दर्ज की है।