IPL 2024 से पहले CSK के 8.4 करोड़ वाले बल्लेबाज ने जड़ा तिहरा शतक, फ्रेंचाइजी की खुशी सातवें आसमान पर
कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में समीर रिजवी ने लगाया तिहरा शतक।
अद्यतन - फरवरी 26, 2024 2:19 अपराह्न

IPL 2024 शुरू होने से ठीक पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। टीम के युवा क्रिकेटर समीर रिजवी टूर्नामेंट शुरू होने से पहले शानदार फॉर्म में दिख रहे हैं। उत्तर प्रदेश के बल्लेबाज ने रविवार को कानपुर में सौराष्ट्र के खिलाफ कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में शानदार शतक जड़ा। वहीं उन्होंने उस पारी को आज तिहरे शतक में तब्दील किया।
उत्तर प्रदेश और सौराष्ट्र के बीच अंडर-23 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में रिजवी ने अपनी क्लास दिखाई और पहले दिन 117 गेंदों में नाबाद 134 रन बनाए। सौराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। रिजवी ने सौराष्ट्र के टॉस जीतने के फैसले को गलत साबित किया और ताबड़तोड़ शतक ठोका। वो 134 रन बनाकर नाबाद रहे।
कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में 312 रनों की पारी खेलकर आउट हुए समीर रिजवी
वहीं जब वो सोमवार को बल्लेबाजी करने के लिए आए तो आज भी वो शानदार बल्लेबाजी करते रहे और 261 गेंदों में अपना तिहरा शतक पूरा किया और वो 312 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 33 चौके और 12 छक्के लगाए। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ टीम के साथी ऋतुराज शर्मा के शानदार शतक (222 गेंदों पर 132 रन) के बदौलत उत्तर प्रदेश 139.2 ओवर के बाद 684/6 के मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया।
यूपी टी20 लीग के उद्घाटन मैच में अपने तेज शतक के लिए पहचाने जाने वाले उत्तर प्रदेश के बल्लेबाज घरेलू सर्किट में धूम मचा रहे हैं। टी-20 में 49.16 की जबरदस्त बल्लेबाजी औसत और 134.70 की स्ट्राइक रेट के साथ, उनके स्किल ने चेन्नई सुपर किंग्स के चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। हाल ही में, सीके नायडू ट्रॉफी के दौरान, रिजवी के शतकीय पारी को देखने के बाद CSK मैनेजमेंट ने उनकी तारीफ की।
आईपीएल 2024 के ऑक्शन में 20 वर्षीय रिजवी के लिए ऑक्शन टेबल पर जबरदस्त बिडिंग वॉर हुई। उन्होंने ऑक्शन के लिए अपना बेस प्राइस 20 लाख रुपये रखा था लेकिन उनके ऑलराउंड स्किल की वजह से गुजरात टाइटन्स और CSK के बीच जमकर बिडिंग वॉर हुई और अंत में उन्हें CSK ने 8.4 करोड़ में खरीदा।