टी-20 वर्ल्ड कप 2022: ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक में कौन होगा भारत की प्लेइंग XI में शामिल, गौतम गंभीर ने दिया बड़ा बयान
'यह नहीं हो सकता, क्योंकि अगर आप ऐसा करेंगे तो आप अपने 6वें गेंदबाज को खो देंगे। टी-20 वर्ल्ड कप 2022 जैसे बड़े टूर्नामेंट में आप पांच गेंदबाजों के साथ नहीं खेल सकते': गौतम गंभीर
अद्यतन - Sep 17, 2022 7:28 pm

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत को विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में चुना गया है। जहां एक तरफ पिछले कुछ समय से ऋषभ पंत अपने बेहतरीन फॉर्म में नहीं दिखे हैं वहीं दूसरी और दिनेश कार्तिक ने जब से भारतीय टीम में वापसी की है तब से उनके प्रदर्शन में बढ़ोतरी देखने को मिली है।
बता दें, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ओर से खेलते हुए दिनेश कार्तिक ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था जिसकी वजह से उनकी भारतीय टीम में वापसी हुई थी।
हाल ही में समाप्त हुए एशिया कप 2022 टूर्नामेंट में भारत ने अपने पहले ग्रुप स्टेज मुकाबले में ऋषभ पंत की जगह दिनेश कार्तिक को प्लेइंग XI में शामिल किया था। हालांकि अगले ही मुकाबले में ऋषभ पंत की टीम में वापसी हो गई। पूरे टूर्नामेंट में जहां एक तरफ दिनेश कार्तिक को मात्र 1 गेंद खेलने को मिली वहीं दूसरी ओर ऋषभ पंत का प्रदर्शन इस पूरे टूर्नामेंट में भी निराशाजनक रहा।
दूसरे ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत ने ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक दोनों को प्लेइंग XI में जगह दी लेकिन सुपर 4 में पाकिस्तान और श्रीलंका दोनों के खिलाफ मैच में दिनेश कार्तिक को बाहर बैठाया गया। जहां एक तरफ ऋषभ पंत को लगातार मौके मिल रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद वो अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहे हैं, वहीं दूसरी और दिनेश कार्तिक ने अपने शानदार प्रदर्शन से भारतीय टीम को कई मुकाबलों में जीत दिलाई है। सवाल यही है कि टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में किस खिलाड़ी को मौका दिया जाएगा। इसी को लेकर गौतम गंभीर ने अपना बयान दिया है।
आपको एक बैकअप की बेहद जरूरत है: गौतम गंभीर
इंडिया बनाम ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले स्टार स्पोर्ट्स ने एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जिसमें गौतम गंभीर से जब यह सवाल पूछा गया कि क्या दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत दोनों को ही प्लेइंग XI में शामिल किया जाएगा, तब उन्होंने कहा कि, ‘यह नहीं हो सकता, क्योंकि अगर आप ऐसा करेंगे तो आप अपने 6वें गेंदबाज को खो देंगे। टी-20 वर्ल्ड कप 2022 जैसे बड़े टूर्नामेंट में आप पांच गेंदबाजों के साथ नहीं खेल सकते।
आपको एक बैकअप की बेहद जरूरत है। हां, अगर आप सूर्यकुमार यादव या केएल राहुल को प्लेइंग XI से बाहर कर देते हैं तब ऐसा हो सकता है। आप ऋषभ पंत से ओपनिंग करवा सकते हैं। इसके अलावा मुझे नहीं लगता कि मिडिल ऑर्डर में इन दोनों ही खिलाड़ियों को खिलाना सही होगा।’
गौतम गंभीर ने आगे कहा कि, ‘देखिए मैंने पहले भी कहा है कि आप एक टी-20 खिलाड़ी को सिर्फ 10 से 12 गेंदें खेलने के लिए नहीं टीम में शामिल करेंगे। आप ऋषभ पंत से ओपनिंग करवा सकते हैं। दिनेश कार्तिक को टॉप 5 में बल्लेबाजी करने की कोई रुचि नहीं दिख रही। ऋषभ पंत में यह देखा गया है कि आप उनको किसी भी क्रम में बल्लेबाजी करा सकते हैं।’
गौतम गंभीर ने आगे कहा कि, ‘मैं अपनी बल्लेबाजी क्रम में ऋषभ पंत को जरूर शामिल करना चाहूंगा। आपको सिर्फ यही सोचना चाहिए कि हमें मुकाबले जीतने हैं, इसलिए मेरे हिसाब से ऋषभ पंत पांचवे नंबर पर, हार्दिक पांड्या छठवें नंबर, अक्षर पटेल सातवें नंबर और अश्विन आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरने चाहिए बाकी फिर तीन तेज गेंदबाज।’