VIDEO: 23 साल के प्रियांश आर्या ने DPL 2024 में एक ओवर में 6 छक्के जड़ मचाया बवाल - क्रिकट्रैकर हिंदी

VIDEO: 23 साल के प्रियांश आर्या ने DPL 2024 में एक ओवर में 6 छक्के जड़ मचाया बवाल

साउथ दिल्ली के बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के खिलाफ पारी के 12वें ओवर में लगातार 6 छक्के जड़े।

Priyansh Arya (Photo Source: X/Twitter)
Priyansh Arya (Photo Source: X/Twitter)

Delhi Premier League (DPL) 2024: दिल्ली प्रीमियर लीग 2024 में 31 अगस्त के दिन का मुकाबला साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स और नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के बीच खेला जा रहा है। साउथ दिल्ली टीम के कप्तान आयुष बडोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और टीम इस पर पूरी तरह से खरी उतरी।

साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने निर्धारित ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 308 रन बोर्ड पर लगाए। अब देखना दिलचस्प होगा कि नॉर्थ दिल्ली की टीम इसका पीछा कर पाती या फिर नहीं। इस बीच, सोशल मीडिया पर प्रियांश आर्या सुर्खियां बटोर रहे हैं। साउथ दिल्ली के बल्लेबाज ने पारी के 12वें ओवर में लगातार 6 छक्के जड़े, जिसका वीडियो काफी वायरल हो रहा है।

प्रियांश आर्या ने मनन भारद्वाज के खिलाफ जड़े 6 छक्के

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए साउथ दिल्ली की टीम को पहला झटका तीसरे ही ओवर में मात्र 13 रन के स्कोर पर लगा था। एस सोलंकी ने सार्थक रे (11) को पवेलियन का रास्ता दिखाया था। पारी की शुरुआत में पहला विकेट गंवाने के बाद भी आयुष बडोनी की टीम का आत्मविश्वास नहीं डगमगाया।

एक ओर से कप्तान आयुष बडोनी और दूसरी ओर से प्रियांश आर्या स्टेडियम में चौके-छक्कों की बरसात करते हुए नजर आए। पारी के 12वें ओवर में फिर प्रियांश आर्या ने मनन भारद्वाज के खिलाफ लगातार 6 छक्के जड़कर इतिहास रच दिया। 23 वर्षीय प्रियांश दिल्ली प्रीमियर लीग के इतिहास में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

यहां देखें प्रियांश आर्या के छक्कों का वो वीडियो-

आयुष बडोनी और प्रियांश आर्या के बीच दूसरे विकेट के लिए 286 रनों की साझेदारी हुई। कप्तान बडोनी पारी के 19वें ओवर में प्रांशु विजयरन के खिलाफ विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 55 गेंदों में 8 चौके और 19 छक्कों की मदद से 165 रनों की आतिशी पारी खेली। वहीं, प्रियांश ने 50 गेंदों में 10 चौके और इतने ही छक्कों की मदद से 120 रनों की पारी खेली।

close whatsapp