खराब फॉर्म में चल रहे हसन अली को पूर्व दिग्गज गेंदबाज ने दिया गुरु मंत्र
हसन अली इस टी-20 वर्ल्ड कप में अपने पुराने लय में नहीं दिखे हैं।
अद्यतन - नवम्बर 2, 2021 3:44 अपराह्न

मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम शानदार लय में नजर आ रही है, लगातार तीन मैच जीतकर टीम अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान पर काबिज है लेकिन एक खिलाड़ी के प्रदर्शन ने बाबर आजम और उनकी टीम को चिंतित कर दिया है। हसन अली जो इस वर्ल्ड कप से पहले उनके गेंदबाजी क्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा माने जा रहे थे, वो इस टूर्नामेंट में अब तक कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। हसल अली के इस फॉर्म को देखते हुए पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने बड़ा बयान दिया है।
वसीम अकरम ने हसन अली को दिया गुरु मंत्र
अकरम का मानना है कि पाकिस्तान को हसन अली का समर्थन करना चाहिए और उन्हें फॉर्म में वापस आने में मदद करनी चाहिए। A sports से बातचीत के दौरान वसीम अकरम ने कहा, “अगर मैं पाकिस्तान टीम का कप्तान हूं और मेरी टीम एक खिलाड़ी से दूर हो रही है क्योंकि उसने एक-दो मैच में ज्यादा रन दिए हैं तो मेरी रणनीति यही होगी कि मैं उस खिलाड़ी को अपना फॉर्म और आत्मविश्वास हासिल करने में मदद करूं। हसन अली को भविष्य में पाकिस्तान के लिए खेलने के कई मौके मिलेंगे। इसमें कोई दो राय नहीं है कि वह एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, मैं हसन अली के साथ रहूंगा।”
मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप में हसन अली का प्रदर्शन
इस टी-20 वर्ल्ड कप में हसन अली ने अब तक तीन मैच खेले हैं, जिनमें वह केवल तीन विकेट ही लेने में कामयाब हो पाए हैं। वहीं, इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 9 से भी अधिक का रहा है। वहीं, पाकिस्तान की बात करें तो तो टीम तीन मैच जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर चुकी है और अब उन्हें अपना अगला मुकाबला नामीबिया के खिलाफ 2 नवंबर को खेलना है। पहले मैच में बाबर आजम की टीम ने भारत को 10 विकेट से मात दी वहीं, अगले दो मैचों में न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान को हराया था।