फ्रांस के गुस्ताव मैककॉन ने रचा इतिहास, सबसे कम उम्र में बनाया टी-20I शतक - क्रिकट्रैकर हिंदी

फ्रांस के गुस्ताव मैककॉन ने रचा इतिहास, सबसे कम उम्र में बनाया टी-20I शतक

गुस्ताव मैककॉन ने इस मुकाबले में स्विट्जरलैंड के खिलाफ वांटा में 61 गेंदों में 109 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और 9 छक्के जड़े।

Gustav McKeon becomes youngest male batter to score T20I ton (source-twitter)
Gustav McKeon becomes youngest male batter to score T20I ton (source-twitter)

फ्रांस के युवा क्रिकेटर गुस्ताव मैककॉन ने 25 जुलाई को टी-20 क्रिकेट में शतक जड़कर इतिहास रच दिया है। वह अब टी-20 इंटरनेशलनल क्रिकेट में शतक बनाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। इस फ्रेंच खिलाड़ी ने स्विट्जरलैंड के खिलाफ टी-20 विश्व कप 2024 यूरोप क्वालीफायर मुकाबले के दौरान यह उपलब्धि हासिल की।

मैककॉन ने यह कारनामा 18 साल और 280 दिन की उम्र में बनाया है। उन्होंने इस मुकाबले में स्विट्जरलैंड के खिलाफ वांटा में 61 गेंदों में 109 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और 9 छक्के जड़े।

इससे पहले यह कारनामा अफगानिस्तान के हज़रतुल्लाह ज़ज़ई के किया था। उन्होंने 2019 में आयरलैंड के खिलाफ 62 गेंदों में 162 रन की नाबाद पारी खेली थी। उस समय ज़ज़ई की उम्र 20 साल और 337 दिन थी।

इस शतकीय रिकॉर्ड बनाने से पहले मैककॉन ने चेक रिपब्लिक (Czech Republic) के खिलाफ 54 गेंदों में 76 रनों की आक्रामक पारी खेली थी। यही नहीं वो इस समय टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 161 के स्ट्राइक रेट और 92.50 की औसत से 185 रन बनाए हैं।

शतक जड़ने के बावजूद टीम को नहीं दिला सके जीत

स्टिट्जरलैंड के खिलाफ मुकाबले में गुस्ताव मैककॉन ने शतक तो जड़ा लेकिन अपनी टीम को जीत दिलाने में असफल रहे। फ्रांस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में टीम ने 5 विकेट खोकर 157 रन का स्कोर बनाया। टीम की ओर से मैककॉन ने शतक जड़ा।

उनके अलावा जैन अहमद ने 18 रन बनाए। जवाब में स्विट्जरलैंड की टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाते हुए मुकाबला जीत लिया। लक्ष्य का बचाव करने के दौरान फ्रांस की ओर से आखिरी ओवर में गेंदबाजी करने गुस्ताव मैककॉन आए और उन्होंने 16 रन लुटाए।

अंकतालिका की बात करें तो फ्रांस और स्विट्जरलैंड के ग्रुप दो में 2-2 अंक है। नॉर्वे इस ग्रुप में पहले स्थान पर हैं। उसने 2 मुकाबले खेले हैं और दोनों में जीत दर्ज की है। चेक रिपब्लिक और एस्टोनिया का अभी तक खाता भी नहीं खुला है।

close whatsapp