गूगल ईयर इन सर्च 2022 में छाए ये स्पोर्टिंग इवेंट्स; आईपीएल 2022 का रहा सबसे अधिक बोलबाला
Google ने अपनी "ईयर इन सर्च 2022" रिपोर्ट जारी की, जहां टॉप ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल है।
अद्यतन - Dec 8, 2022 10:14 am

जब भी हम खुद को किसी ऐसी चीज में फंसते हुए पाते हैं जिसके बारे में हम नहीं जानते हैं, या हमें किसी भी चीज के बारे में जानना होता है, तो हमारी सबसे पहली प्रतिक्रिया होती है कि अब हमें गूगल करना चाहिए। इंटरनेट पर इतने सारे सर्च इंजन उपलब्ध है, लेकिन ज्यादातर लोग गूगल सर्च इंजन का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं।
अब Google ने उपयोगकर्ताओं द्वारा इस प्लेटफॉर्म पर खोजे गए विभिन्न ट्रेंडिंग खोजों की सूची जारी की है, जिससे पता चलता है कि भारत में लोगों ने Google पर सबसे अधिक क्या खोजा है। दरअसल, Google ने 7 दिसंबर को अपनी “ईयर इन सर्च 2022” रिपोर्ट जारी की है, जहां उन विषयों पर प्रकाश डाला गया है, जिन्होंने इस साल सबसे अधिक रुचि पैदा की और इस सर्च इंजन पर सबसे अधिक बार खोजा गया, जिसमें फिल्में, स्पोर्टिंग इवेंट्स, और नामी हस्तियों समेत विभिन्न श्रेणियां शामिल है।
जानिए भारत ने 2022 में गूगल पर सबसे अधिक क्या सर्च किया
Google की ‘ईयर इन सर्च 2022’ की सूची में टॉप-10 सर्च में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सबसे ऊपर है। इस साल आईपीएल को भारत में Google पर सबसे अधिक सर्च किया गया है। आपको बता दें, आईपीएल लगातार तीसरे साल Google की टॉप ट्रेंडिंग लिस्ट में बना हुआ है। आईपीएल 2022 देश में सबसे अधिक सर्च किया जाने वाला स्पोर्टिंग इवेंट भी था, और अब यह टी-20 फ्रेंचाइजी लीग भारत में सभी 2022 ट्रेंडिंग सर्च परिणामों में शीर्ष पर काबिज है।
आईपीएल 2022 का आयोजन इस साल की शुरुआत में किया गया था, जो 65 दिनों तक चला था और गुजरात टाइटन्स ने खिताब अपने नाम किया था। Google की रिपोर्ट के अनुसार, लक्षद्वीप, ओडिशा, दादरा और नगर हवेली, छत्तीसगढ़ और त्रिपुरा के लोगों ने देश के बाकी हिस्सों की तुलना में आईपीएल 2022 को सबसे अधिक सर्च किया।
फीफा वर्ल्ड कप 2022 टॉप-10 सर्च में शामिल
इस बीच, आईपीएल के अलावा एशिया कप 2022 और टी-20 वर्ल्ड कप 2022 जैसे अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों ने देश के टॉप ट्रेंडिंग सर्च की सूची में क्रमशः चौथा और पांचवां स्थान हासिल किया है। वहीं, स्पोर्टिंग इवेंट्स की श्रेणी में कतर में खेला जा रहा फीफा वर्ल्ड कप 2022 भारत में सबसे अधिक सर्च किए जाने वाले विषयों में तीसरे स्थान पर रहा, जबकि घरेलू फुटबॉल चैंपियनशिप, इंडियन सुपर लीग (ISL), दसवें स्थान पर रही, वहीं कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 इस सूची में आठवें स्थान पर है।
CoWin इस साल दूसरा सबसे ज्यादा सर्च किया जाने वाला शब्द था, जिसके माध्यम से लोगों को COVID-19 वैक्सीन पंजीकरण और बुकिंग स्लॉट प्राप्त करने या अपना डिजिटल वैक्सीन प्रमाणपत्र डाउनलोड करने के लिए भारत सरकार की इस वेबसाइट पर पंजीकरण करना आवश्यक था। इस वर्ष के अन्य ट्रेंडिंग सर्च में बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म ब्रह्मास्त्र: भाग एक – शिवा ने सूची में छठा स्थान अर्जित किया, जबकि केजीएफ: अध्याय 2 नौवें नंबर पर रहा, और ई-SHRAM कार्ड सातवें स्थान पर है।