अपने होमटाउन पहुंचे उमरान मलिक, स्थानीय लोगों ने किया जोरदार स्वागत! - क्रिकट्रैकर हिंदी

अपने होमटाउन पहुंचे उमरान मलिक, स्थानीय लोगों ने किया जोरदार स्वागत!

उमरान मलिक को हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया था।

Umran Malik. (Photo Source: Twitter)
Umran Malik. (Photo Source: Twitter)

हाल ही में तेज गेंदबाज उमरान मलिक जम्मू में अपने गृहनगर गुर्जर नगर पहुंचे, जहां सभी ने उनका काफी गर्मजोशी से स्वागत किया। मोहल्ला कल्याण समिति, गुर्जर नगर की ओर से भारतीय टीम में चयन होने के बाद तेज गेंदबाज को सम्मानित करने के लिए एक सम्मान समारोह कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था।

इस कार्यक्रम में उमरान के अलावा उनके पिता अब्दुल रशीद मलिक, स्थानीय सिटी एसपी और कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। इस वक्त सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। उस वीडियो में वहां पर मौजूद सभी लोग उमरान बेहद गर्मजोशी के साथ उमरान का स्वागत कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में आयोजन समिति की ओर से एक मोमेंटो भी उन्हें भेंट के रूप में दिया गया।

हम चाहते हैं कि उमरान भारत के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करे- अब्दुल राशिद मलिक

वीडियो में अब्दुल राशिद मलिक ने कहा कि, “गुर्जर नगर या जम्मू-कश्मीर ही नहीं, मेरे बेटे को देश भर से ढेर सारा प्यार मिल रहा है। हम चाहते हैं कि वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करे।” स्थानीय लोगों ने इस अवसर पर उन्हें सम्मानित करने के लिए एसपी सिटी को धन्यवाद दिया। साथ ही सभी ने उम्मीद जताई है कि तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के रिकॉर्ड को तोड़कर भारत को गौरवान्वित करे।

यहां देखिए उमरान मलिक का वो वीडियो

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद, उमरान को हाल ही में जून में होने वाले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था।

आईपीएल 2022 में उमरान के प्रदर्शन की बात करें तो, एक्सप्रेस पेसर ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए सिर्फ 14 मैचों में कुल 22 विकेट झटके। इस दौरान उमरान का गेंदबाजी स्ट्राइक रेट 13.40 का रहा, वहीं उन्होंने इस सीजन 9.03 की इकॉनमी रेट से रन दिए। अगर उनके पूरे आईपीएल करियर की बात करें तो, दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कुल 17 मैच खेले हैं और इस दौरान उन्होंने कुल 24 विकेट लिए हैं।

close whatsapp