“मैं अभी 16 साल के लड़के के पास जाता हूं और पूछता हूं…..”- खराब दौर से बाहर निकालने को लेकर बोले हार्दिक
बांग्लादेश के खिलाफ मैच में हार्दिक पांड्या ने खेली नाबाद 40 रनों की पारी।
अद्यतन - जून 2, 2024 11:01 पूर्वाह्न

टीम इंडिया के हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या का मानना है कि, वह अपने युवा स्वरूप में वापस आ गए हैं और अपने करियर के कठिन दौर से बाहर निकलने का प्रयास कर रहे हैं। 30 वर्षीय खिलाड़ी को मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान के रूप में निराशाजनक आईपीएल 2024 अभियान का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही वो बतौर प्लेयर भी इस सीजन में बुरी तरह फ्लॉप रहे।
IPL 2024 से ठीक पहले मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को हटाकर हार्दिक पांड्या को कप्तान नियुक्त किया। फैंस फ्रेंचाइजी के इस फैसले से बिल्कुल भी खुश नहीं दिखे और पूरे सीजन में उन्होंने फ्रेंचाइजी के इस फैसले के आलोचना की। पेपर पर एक मजबूत टीम होने के बावजूद, MI 14 मुकाबलों में केवल चार जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही।
हार्दिक पांड्या ने खराब दौर से बाहर निकलने को लेकर बात की
2024 टी-20 वर्ल्ड कप से पहले स्टार स्पोर्ट्स के साथ एक इंटरव्यू में हार्दिक पंड्या ने कठिन दौर से उबरने के बारे में बात की। पांड्या ने कहा कि, “अभी 30 साल की उम्र में हार्दिक पंड्या का काम उस समय की तुलना में काफी आसान है जब मैं 16 साल का था। इसलिए मैं अपने अंदर के 16 साल के लड़के के पास जाता हूं और उससे पूछता हूं कि आपने यह कैसे किया, आपने ऐसा क्यों किया उस समय, मेरे पास सुविधाएं या अवसर नहीं थे।
कड़ी मेहनत ने मुझे अवसर दिए और मेरे लिए दरवाजे खोले। इसलिए मैं अभी उस एरिया में हूं (जहां) मैं 16 साल के बच्चे से पूछ रहा हूं – क्योंकि वह मेरा वास्तविक इंस्पिरेशन है, क्योंकि अगर उस आदमी ने मंच तैयार नहीं किया होता तो शायद मैं यहां नहीं होता।”
हालांकि टीम इंडिया और फैंस के लिए अच्छी बात ये है कि हार्दिक पांड्या अब फॉर्म में वापस आ चुके हैं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ वार्मअप मैच में नाबाद 40 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने दो चौके और छार छक्के लगाए थे। उनकी इस पारी को देखने के बाद जाहिर तौर पर हार्दिक का आत्मविश्वास बढ़ा होगा और वो इस पूरे वर्ल्ड कप में इसी फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे।