न्यूजीलैंड हेड कोच गैरी स्टीड ने की पुष्टि, केन विलियमसन इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए हैं, पूरी तरह फिट
इंग्लैंड के खिलाफ घोषित हुई 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए केन विलियमसन की टीम में वापसी हुई है।
अद्यतन - May 18, 2022 5:43 pm

न्यूजीलैंड टीम के हेड कोच गैरी स्टीड ने इस बात की पुष्टि की है कि अगले महीने शुरू हो रही इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड की 3 मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए केन विलियमसन पूरी तरह से फिट हैं और इस श्रृंखला में वो मैदान पर टीम का नेतृत्व करते हुए दिखाई देंगे। न्यूजीलैंड कप्तान ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नवंबर 2021 में खेला था। लेकिन अब वो अपनी चोट से पूरी तरह से उभर चुके हैं और इस श्रृंखला के लिए पूरी तरीके से तैयार हैं।
केन विलियमसन टेनिस एल्बो इंजरी के चलते हाल ही में हुई न्यूजीलैंड बनाम बांग्लादेश और न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका टेस्ट श्रृंखला में नहीं खेले थे। विलियमसन इस समय भारत में चल रही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की कप्तानी कर रहे हैं।
विलियमसन का इस सीजन में आईपीएल प्रदर्शन काफी साधारण रहा है लेकिन उनकी कप्तानी ने टीम को पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर लाकर खड़ा कर दिया है। उनकी चोट अब पहले से बेहतर लग रही है और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली श्रृंखला में वह मजबूती के साथ वापसी करेंगे।
कुछ न्यूजीलैंड खिलाड़ी नहीं खेल पाएंगे पहला टेस्ट
कीवी टीम के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि, अब विलियमसन पहले से काफी बेहतर हैं लेकिन चोटिल होने के बाद थोड़ा फर्क महसूस हुआ है। उन्हें अपनी चोट को लेकर थोड़ा गंभीर रहना होगा। जैसे कि सभी जानते हैं कि टेस्ट मुकाबला 5 दिनों का होता है तो उनको फील्डिंग और बल्लेबाजी में संभलकर खेलना होगा। कोहनी की चोट की परेशानी अब उनको जिंदगी भर रहेगी तो थोड़ा संभलकर विलियमसन आगे को मुकाबले खेले।
बता दें, टेस्ट श्रृंखला 2 जून से शुरू हो रही है और आईपीएल का फाइनल 29 मई को है। गैरी को इस बात का डर है की आईपीएल के चलते कहीं कुछ खिलाड़ी पहला टेस्ट ना छोड़ दें। उन्होंने कहा कि फाइनल की वजह से इस बात का डर है कि कुछ खिलाड़ी पहला टेस्ट मुकाबला नहीं खेल पाएंगे लेकिन इस चीज को लेकर हम सब बातचीत करेंगे और जल्द इस पर फैसला लिया जाएगा।