क्या अगले सीजन भी CSK के लिए खेलेंगे एमएस धोनी? सुनील गावस्कर ने दिया हैरान करने वाला जवाब
सुनील गावस्कर का मानना है कि एमएस धोनी अगले साल भी चेन्नई के लिए खेलते हुए दिखेंगे।
अद्यतन - मई 13, 2022 6:51 अपराह्न

भारत के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने उम्मीद जताई है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 में भी एमएस धोनी खेलते हुए दिखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि धोनी अभी भी अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए बहुत कुछ करना चाहते हैं और इसी वजह से वह अगला सीजन भी खेलेंगे।
बता दें कि, सीएसके 12 मई को मुंबई इंडियंस (एमआई) से हारकर इस सीजन प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके 97 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कप्तान एमएस धोनी ने सर्वाधिक 33 गेंदो में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 36 रन बनाए। जवाब में एमआई ने 5 विकेट खोकर ये लक्ष्य हासिल कर लिया।
आईपीएल से धोनी के संन्यास को लेकर गावस्कर ने दिया यह बयान
सुनील गावस्कर ने मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत करते हुए कहा कि, देखो उसे कि उसने कैसा खेला है (मुंबई के खिलाफ)। स्पष्ट रूप से दिखा रहा है कि वह बहुत उत्सुक है और खेल को लेकर उत्साहित है। मैदान पर आज काफी कुछ दिख रहा था। वह एक छोर से दूसरे छोर तक दौड़ रहा था, जिसका अर्थ है कि वह अभी भी खेलने के लिए उत्सुक था।
धोनी मुकाबले के 5वें ओवर में क्रीज पर उतरे और अंत तक डटे रहे। हालांकि उन्हें दूसरे छोर पर किसी भी खिलाड़ी का साथ नहीं मिला। लगातार विकेट गिरने की वजह से धोनी ने पहले तो आराम से एक और दो रन लेकर स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाया और उसके बाद मौका मिलने पर कुछ बड़े शॉट्स भी खेले।
गावस्कर ने आगे कहा कि, “उसे एक अवसर का एहसास होता है जब वे 2 या 3 शुरुआती विकेट गिरते हैं। हमने उसे बहुत नियमित रूप से ऐसा करते देखा है। जब उनसे 2020 में संन्यास को लेकर पूछा गया था तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा था, ‘निश्चित रूप से नहीं’ (धोनी के संन्यास को लेकर)। जिसका अर्थ है कि वह आगे भी खेलना जारी रखेगा।”