मोहम्मद रिजवान ने बाबर आजम को लेकर दिल जीत लेने वाले किस्से का किया खुलासा
बाबर आजम की हालिया कुर्बानी ने मोहम्मद रिजवान के दिल में उनकी इज्जत और बढ़ा दी है।
अद्यतन - Jun 4, 2022 11:28 am

पाकिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने 2 जून 2022 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम से जुड़ी एक दिलचस्प घटना का खुलासा किया। मोहम्मद रिजवान ने खुलासा किया कि बाबर आजम ने रमजान में उपवास के दौरान एक विज्ञापन के लिए पेय पदार्थ पीने से इनकार कर दिया था।
इस वजह से बाबर आजम को उस विज्ञापन से हाथ धोना पड़ा, लेकिन पाकिस्तान के कप्तान ने अपने आचार-विचार और नैतिकता से मोहम्मद रिजवान का दिल जीत लिया। उन्होंने बाबर को एक बहुत ही अच्छा इंसान बताया।
बाबर आजम ने रमजान में पेप्सी एड को कहा ना!
मोहम्मद रिजवान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया: “बाबर आजम बतौर कप्तान, बल्लेबाज और इंसान जो है सबके सामने है। मैं उनका और क्या ही गुणगान कर सकता हूं? एक महान खिलाड़ी होने के साथ-साथ वह एक बहुत ही प्यारा इंसान भी हैं, उन्हें अपने लोगों से बहुत प्यार है। बाबर का मुख्य उद्देश्य पाकिस्तान क्रिकेट को आसमान की बुलंदियों पर पहुंचाना है। खैर ये तो क्रिकेट से सम्बंधित है, लेकिन आज मैं बाबर को लेकर मैदान के बाहर की चीजों के बारे में बात करना चाहूंगा। पूरी दुनिया बाबर के कवर ड्राइव की दीवानी है, लेकिन मैदान के बाहर भी उनके कुछ ऐसे गुण हैं, जो जिसे हम सभी बहुत पसंद करते हैं।”
पाकिस्तानी विकेटकीपर ने आगे बताया: “बाबर आजम ने हाल ही में एक कुर्बानी दी है, जिसने मेरे दिल में उनकी इज्जत और बढ़ा दी। एक विज्ञापन की शूटिंग के दौरान उनसे कुछ अजीब डिमांड की गई। दरअसल, पेप्सी के एक विज्ञापन के दौरान प्रबंधन ने बाबर को इसे पीने के लिए कहा, लेकिन उसने कहा कि वह ऐसा नहीं कर सकता क्योंकि उस समय रमजान चल रहा था। यहां तक कि बाबर ने पेप्सी के विज्ञापन को छोड़ने की धमकी भी दी।
बाबर आजम ने कहा कि वह विज्ञापन छोड़ देंगे, लेकिन कुछ पियेंगे नहीं। हो सकता है कि यह कुछ लोगों के लिए छोटी बात हो, लेकिन बाबर एड से बाहर निकलने की कुर्बानी देने को तैयार थे। उन्होंने जो प्रस्ताव दिया था, वह सबके सामने होना चाहिए। इसलिए, जब कोई अपनी ईमानदारी के लिए इस तरह के प्रस्ताव को छोड़ने के लिए तैयार होता है, तो यह उसकी महानता को दर्शाता है।”