4 टेस्ट और 40 वनडे खेलने वाले इस दिग्गज को दिल्ली कैपिटल्स ने बनाया हेड कोच
साथ ही पूर्व क्रिकेटर वेणुगोपाल राव को निदेशक बनाया गया है।
अद्यतन - Oct 17, 2024 7:56 pm

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 से पहले दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी ने दिग्गज खिलाड़ी हेमंग बदानी को आगामी सीजन के लिए टीम का हेड कोच नियुक्त किया है। इसके साथ ही पूर्व क्रिकेटर वेणुगोपाल राव को निदेशक बनाया गया है।
बता दें कि, हेमांग बदानी ने टीम इंडिया की ओर से चार टेस्ट और 40 वनडे मैच खेले हैं। 4 टेस्ट में इस पूर्व खिलाड़ी ने 94 रन बनाए हैं, जबकि 40 वनडे में उनके नाम 867 रन है। बदानी, रिकी पोंटिंग की जगह लेंगे, जिन्होंने जिन्होंने 7 साल तक यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली। वहीं वेणुगोपाल राव को पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की जगह डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट नियुक्त किया गया है।
बता दें कि, पिछले काफी समय से इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स ने 14 मैचों में से 7 में जीत दर्ज की थी, जबकि 7 में उसे हार का सामना करना पड़ा था। टीम 14 अंकों के साथ छठवें पायदान पर थी। 2023 सीजन में दिल्ली कैपिटल्स ने 14 मैच में सिर्फ पांच में ही जीत दर्ज की थी।
आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स करना चाहेगी धमाकेदार प्रदर्शन
आपको बता दें कि हेमंग बदानी सनराइजर्स हैदराबाद टीम के लिए दो सीजन में फील्डिंग कोच और स्काउट के रूप में काम कर चुके हैं, लेकिन कभी भी उन्होंने इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में मुख्य कोच की भूमिका नहीं निभाई है।
अब आगामी सीजन में वह में इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को अच्छी तरह निभाना चाहेंगे। भले ही पिछले कुछ सीजन से दिल्ली कैपिटल्स जबरदस्त प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रही है, लेकिन 2025 सीजन की ट्रॉफी को टीम अपने नाम जरुर करना चाहेगी।