IPL 2022: रुतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे ने CSK की गलतियों को स्वीकारा सरेआम
CSK के निराशाजनक प्रदर्शन पर रुतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉनवे ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
अद्यतन - May 22, 2022 11:00 pm

गत विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए आईपीएल 2022 (IPL 2022) बेहद निराशाजनक रहा, चाहे फिर बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी, किसी भी विभाग में फ्रेंचाइजी ने दम नहीं दिखाया, नतीजन चार बार की चैंपियन टीम प्लेऑफ के दौड़ में तक शामिल नहीं हो पाई।
खैर, सीएसके (CSK) के फैंस को पहला झटका तो एमएस धोनी ने कप्तानी से इस्तीफा देकर दिया, और फिर यहीं से फ्रेंचाइजी का आईपीएल 2022 (IPL 2022) में संघर्ष शुरू हुआ। वैसे तो रवींद्र जडेजा से बतौर कप्तान काफी उम्मीदें की जा रही थी, लेकिन नतीजा बिल्कुल विपरीत निकला। सीएसके (CSK) ने स्टार ऑलराउंडर की कप्तानी में आठ मैच गवां दिए, और सिर्फ इतना ही नहीं, कप्तानी के दबाव तले वह बतौर खिलाड़ी भी प्रदर्शन नहीं कर पाए।
CSK उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई
जिसके बाद रवींद्र जडेजा ने कप्तानी से इस्तीफा दे दिया, जिसे लेकर काफी टिका-टिप्पणी भी हुई, और एक बार फिर एमएस धोनी ने सीएसके (CSK) की कमान संभाली। लेकिन इस सीजन में तो धोनी की करिश्माई कप्तानी भी सीएसके (CSK) को पटरी पर नहीं ला पाई, और फ्रेंचाइजी 14 मैचों में से केवल 4 मैच ही जीत पाई।
इस बीच, सीएसके (CSK) के सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ ने स्वीकार किया कि वे उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए, लेकिन वह अगले सीजन में टीम की मजबूत वापसी को लेकर आश्वस्त है। वहीं डेवोन कॉनवे ने भी स्वीकार किया कि आईपीएल 2022 (IPL 2022) में सीएसके (CSK) अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में विफल रही।
रुतुराज गायकवाड़ ने न्यूज18 के हवाले से कहा: “बहुत से लोग कह रहे होंगे कि भाग्य ने हमारा साथ नहीं दिया या फिर चीजें हमारे हिसाब से नहीं रही। लेकिन मैं हमारी टीम के प्रदर्शन को लेकर बहुत ईमानदार हूं, और मैं ईमानदार से कहना चाहता हूं कि हम अपनी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। लेकिन हमें चीजों को स्वीकार करना होगा और आगे बढ़ना होगा। मुझे पूरा विश्वास है कि हम अगले साल मजबूत वापसी करेंगे।”
डेवोन कॉनवे ने CSK को बताया: “हम सभी जानते हैं कि यह सीजन हमारे लिए अच्छा नहीं रहा, और हम इसे स्वीकार कर आगे बढ़ सकते हैं। हम अगले सीजन में मजबूत वापसी करेंगे। मुझे नहीं लगता कि हमारी कोशिश या अभ्यास में कोई कमी थी, जिसके कारण हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए। यह हमारा सीजन नहीं था, लेकिन हम अगले साल मजबूत वापसी करेंगे, और मुझे उम्मीद है कि चीजें बेहतर होंगी।”