राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच विनिंग गेंदबाजी करने के बाद आवेश खान का कॉन्फिडेंस पहुंचा सातवें आसमान पर - क्रिकट्रैकर हिंदी

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच विनिंग गेंदबाजी करने के बाद आवेश खान का कॉन्फिडेंस पहुंचा सातवें आसमान पर

आवेश खान ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए।

Avesh Khan (Photo Source: Twitter)
Avesh Khan (Photo Source: Twitter)

आईपीएल 2023 के पिछले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 10 रनों से शानदार जीत हासिल की। 155 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने शानदार शुरूआत की थी। यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर के बीच पहले विकेट के लिए 87 रनों सी साझेदारी हुई थी।

सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 44 और जोस बटलर ने 40 रनों की पारी खेली। लेकिन कप्तान संजू सैमसन और शिमरन हेटमायर सस्ते में पवेलियन लौट गए। टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 19 रनों की जरूरत थी। जिसके बाद केएल राहुल ने आवेश खान को फाइनल ओवर में गेंद थमाई।

आवेश खान ने आखिरी ओवर में 8 रन देकर 2 विकेट लिए। आवेश खान ने सेट बल्लेबाज देवदत्त पाडिक्कल और ध्रुव जुरेल को आउट किया। पूरे मैच में आवेश खान ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किया। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद आवेश खान ने बड़ा बयान दिया है।

जब भी मौका मिलता है मैं विकेट लेने की कोशिश करता हूं- आवेश खान

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आखिरी ओवर में अपने प्रदर्शन पर बात करते हुए आवेश खान ने जियोसिनेमा पर कहा, ‘अगर हम पहले गेंदबाजी करते है तो मैं शुरूआत के पहले दो ओवर डालता हूं और अगर हम डिफेंड कर रहे हैं तो मैं महत्वपूर्ण ओवर जैसे चौथा और छठा ओवर डालता हूं और बाकी परिस्थिति के अनुसार रहता है।’

आवेश खान ने आगे कहा, ‘मैंने कप्तान और कोच को कह दिया है कि आप मुझे कहीं भी गेंदबाजी दे सकते हैं। मैं टीम के लिए कठिन ओवर डालने के लिए भी उपलब्ध हूं। इसलिए मैं यह नहीं सोचता कि मुझे कब गेंदबाजी मिलेगी जब भी मौका मिलता है मैं टीम के लिए विकेट चटकाने की कोशिश करता हूं।’

लखनऊ सुपर जायंट्स ने जीत तो दर्ज की है, लेकिन टीम की बल्लेबाजी इस वक्त चिंता का विषय होगी। पावरप्ले में टीम मात्र 37 रन ही बना पाई थी। कप्तान केएल राहुल एक बार फिर 32 गेंदो में 39 रनों की धीमी पारी खेलते हुए नजर आए थे। टीम काइल मेयर्स के 51 रनों की पारी की मदद से 7 विकेट के नुकसान पर 154 रन बना पाई थी। टीम को अगले मुकाबले में शानदार अप्रोच के साथ उतरना होगा।

close whatsapp