“न ही यह कह रहा हूं कि वापस लौटूंगा…”, एमएस धोनी ने IPL रिटायरमेंट को लेकर दिया बड़ा बयान
एमएस धोनी ने अपने रिटायरमेंट को लेकर बात करते हुए कहा कि, उनके पास फैसला लेने के लिए अभी 4-5 महीने हैं।
अद्यतन - May 25, 2025 8:07 pm

आईपीएल 2025 के आखिरी लीग मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 83 रन से शिकस्त देकर सीजन का अंत किया। सीएसके ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 230 रन बनाए थे। इसके जवाब में गुजरात की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.3 ओवरों में 147 के स्कोर पर सिमट गई।
18वें सीजन की शुरुआत से ही चर्चा जोरों पर थी कि ये धोनी का आईपीएल में आखिरी साल हो सकता है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के बाद भी धोनी से एक बार वही सवाल किया गया, जिसका जवाब देते हुए उन्होंने अपने फैंस को कन्फ्यूज कर दिया। उन्होंने कहा कि, “मैं न ही अलविदा कह रहा हूं, न ही यह कह रहा हूं कि मैं वापस लौटूंगा।”
मेरे पास फैसला लेने के लिए 4-5 महीने हैं- एमएस धोनी
गुजरात टाइटंस के खिलाफ सीजन के आखिरी लीग मैच के बाद एमएस धोनी ने अपने रिटायरमेंट को लेकर बात करते हुए कहा कि, उनके पास फैसला लेने के लिए अभी 4-5 महीने हैं। उन्हें बस फिटनेस पर ध्यान देना होगा और देखना होगा कि आगे क्या है।
“यह निर्भर करता है। मेरे पास फैसला लेने के लिए 4-5 महीने हैं, कोई जल्दी नहीं है। शरीर को फिट रखने की जरूरत है। आपको अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। अगर क्रिकेटर अपने प्रदर्शन के लिए रिटायर होने लगेंगे, तो उनमें से कुछ 22 साल की उम्र में रिटायर हो जाएंगे। रांची वापस जाऊंगा, कुछ बाइक राइड का आनंद लूंगा। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि मैं खत्म हो गया हूं, न ही यह कह रहा हूं कि मैं वापस आउंगा। मेरे पास समय की सुविधा है। इस बारे में सोचूंगा और फिर फैसला लूंगा।”
धोनी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत को लेकर बात करते हुए कहा कि, टीम ने हर डिपार्टमेंट में चैंपियन की तरह खेल दिखाया।
“यह अच्छा है। मैं यह नहीं कहूंगा कि आज हाउसफुल था। हमारा सीजन अच्छा नहीं रहा, यह उन बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक था। हमने सीजन में बहुत अच्छी फील्डिंग नहीं की है, लेकिन आज हमने अच्छा किया।”