दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत दर्ज करने के बावजूद मार्नस लाबुशेन गाबा पिच से हैं नाखुश
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने अपनी टीम की ओर से 31 टेस्ट मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 59.94 के औसत और 55.93 के स्ट्राइक रेट से 3057 रन बनाए हैं।
अद्यतन - दिसम्बर 19, 2022 3:26 अपराह्न

ब्रिसबेन में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को छह विकेट से मात देकर तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस पिच का गेंदबाजों ने काफी लुफ्त उठाया, वहीं बल्लेबाजों को इसमें काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने गाबा पिच की जमकर आलोचना की थी लेकिन पैट कमिंस ने इसको सही कहा था। अब ऑस्ट्रेलिया टीम के बेहतरीन बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने भी गाबा पिच को लेकर निराशा जताई है। मार्नस लाबुशेन के लिए यह कैलेंडर साल काफी शानदार रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ भी उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी की थी और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में भी उन्होंने टीम के लिए बहुमूल्य रन बनाए।
बता दें, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया पहला टेस्ट मुकाबला मात्र 2 दिन में ही समाप्त हो गया था। दोनों दिनों को मिलाकर कुल 34 विकेट गिरे थे। तेज गेंदबाजों ने तो इस पिच का खूब लुफ्त उठाया।
फॉक्स स्पोर्ट्स के मुताबिक मार्नस लाबुशेन ने बयान दिया कि, ‘मुझे नहीं लगता यह बहुत ही अच्छा टेस्ट विकेट था। यह थोड़ा बहुत शील्ड गेम जैसा विकेट लगा। मुझे लगता है कि सभी लोग जानते हैं कि हमें ऐसा विकेट बिल्कुल भी नहीं चाहिए। यह सही तरीका नहीं है। हमें पिच में गति चाहिए, उछाल भी चाहिए।
दोनों दिन के खेल में हमें काफी बेहतरीन गेंदबाजी खेलने को मिली। लेकिन समस्या यह है कि टेस्ट मैच मात्र 2 दिन में ही संपन्न हो गया। पिछले 2 साल में हमारे साथ ऐसा दूसरी बार हुआ है जब हमने कोई टेस्ट मैच सिर्फ 2 दिन के लिए ही खेला हो।’
टेस्ट क्रिकेट काफी घमासान युद्ध होता है: मार्नस लाबुशेन
मार्नस लाबुशेन का रिकॉर्ड टेस्ट क्रिकेट में कमाल कर रहा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए कई मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। बता दें, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने अपनी टीम की ओर से 31 टेस्ट मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 59.94 के औसत और 55.93 के स्ट्राइक रेट से 3057 रन बनाए हैं।
मार्नस लाबुशेन ने आगे कहा कि, ‘ टेस्ट क्रिकेट काफी घमासान युद्ध होता है। गेंदबाज और बल्लेबाज के बीच काफी टकराव देखने को मिलती है। अच्छे विकेट पर खेलना सभी को पसंद है, लेकिन अगर आप ऐसे विकेट पर खेलते हैं तो किसी ना किसी एक टीम को लॉटरी जरूर मिलती है।’