CWC 2023: क्या खराब English के कारण पाकिस्तान को भारत के खिलाफ झेलनी पड़ी शर्मनाक हार? Moin Khan ने दिया विवादित बयान
इस समय पाकिस्तान क्रिकेट टीम चार अंको के साथ क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 की अंक तालिका में चौथे स्थान पर है।
अद्यतन - अक्टूबर 16, 2023 3:36 अपराह्न

पाकिस्तान को जारी आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के महामुकाबले में भारत के खिलाफ सात विकेट की शर्मनाक मात झेलनी पड़ी। यह हाई वोल्टेज मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में 14 अक्टूबर को खेला गया, जहां भारतीय फैंस के नारों की गूंज में पाकिस्तान क्रिकेट टीम धराशायी हो गई।
पाकिस्तानी गेंदबाजों के साथ-साथ उनके बल्लेबाज भारतीय क्रिकेट टीम के सामने टिक नहीं पाए और उनके ऊपर दबाव इतना बना कि वे 200 रन तक नहीं बना पाए। अंत में कप्तान बाबर आजम का वनडे वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ पाकिस्तान का खाता खोलने का सपना अधूरा रह गया।
इस हार का बड़ा कारण कम्युनिकेशन गैप हो सकता है: Moin Khan
इस अपमानजनक हार के बाद में फैंस से लेकर क्रिकेट एक्सपर्ट और पूर्व क्रिकेटर सभी पाकिस्तान क्रिकेट टीम की आलोचना कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें हाल ही में एशिया कप 2023 में भारत के खिलाफ ऐसी ही शर्मनाक मात झेलनी पड़ी थी। इस बीच, पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज मोइन खान ने चौंकाने वाला बयान दिया है। मोइन खान का मानना है कि शायद खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ/सपोर्ट स्टाफ के बीच कम्युनिकेशन सही से नहीं हो पा रहा है।
यहां पढ़िए: World Cup 2023: ‘उन्हें अभी इसी वक्त कप्तानी छोड़ देनी चाहिए’- बाबर आजम को लेकर बोले शोएब मलिक
52 वर्षीय पूर्व खिलाड़ी का मानना है कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बीच भाषा का अंतर है, जिसके कारण राष्ट्रीय सेटअप में कम्युनिकेशन गैप हो सकता है, और यह इस तरह के शर्मनाक प्रदर्शन का कारण हो सकता है। मोइन खान का बयान कई पाकिस्तानियों को हैरान कर सकता है।
CWC 2023 में अब तक ऐसा रहा पाकिस्तान का प्रदर्शन
आपको बता दें, पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने जारी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में अब तक तीन मैच खेले हैं, जिनमें से उन्हें अभी केवल भारत के खिलाफ मात झेलनी पड़ी है। इस समय पाकिस्तान क्रिकेट टीम चार अंको के साथ क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 की अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। पाकिस्तान अब CWC 2023 में अपना अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 अक्टूबर को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेंगे।