रवींद्र जडेजा के क्रिकेट करियर में महेंद्र नाम ने निभाया था महत्वपूर्ण योगदान, जड्डू ने खुद दी जानकारी
आईपीएल 2023 में जडेजा ने गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है।
अद्यतन - अप्रैल 22, 2023 5:58 अपराह्न

रवींद्र जडेजा क्रिकेट के तीनों फाॅर्मेटों में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारत के लिए अब तक क्रिकेट खेले हुए, ऑलराउंडर खिलाड़ियों में सबसे खास हैं। बल्लेबाजी और गेंदबाजी के अलावा जडेजा अपनी कमाल की फील्डिंग से भी मैच जिताने का दम रखते हैं।
दूसरी ओर वह यह रोल आईपीएल मे चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए भी निभाते हुए नजर आते हैं। यहां पर वह महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) की कप्तानी में खेलते हुए नजर आते हैं। साथ ही बता दें कि भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकट की शुरूआत भी जडेजा ने धोनी की कप्तानी में की थी।
तो वहीं अब रवींद्र जडेजा ने अपने क्रिकेट करियर की शुरूआत को लेकर बड़ा बयान दिया है। साथ ही उन्होंने बताया है कि उनका टैलेंट निखारने में महेंद्र नाम ने बड़ी भूमिका निभाई है।
रवींद्र जडेजा ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि स्टार स्पोर्ट्स को दिए एक इंटरव्यू में रवींद जडेजा ने कहा- महेंद्र सिंह धोनी पहले महेंद्र नहीं है, जिन्होंने उनके क्रिकेट करियर को निखारने में मदद की है। पहले महेंद्र जामनगर के मेरे बचपन के कोच महेंद्र सिंह चौहान थे।
मैंने इस बार में माही भाई को भी बताया है। मेरी क्रिकेट जर्नी महेंद्र सिंह चौहान और महेंद्र सिंह धोनी के बीच में रही है। मैंने क्रिकेट खेलने की शुरूआत 1996 में की थी, जब मैं 8 साल का था। अब भी मैं कभी-कभी उस मैदान में सर से मिलने जाता हूं, प्रैक्टिस नहीं हो पाती है क्योंकि वहां करीब 300 से 400 बच्चे होते हैं। वहां काफी भीड़ हो जाती है।
शुरू में मैं एक तेज गेंदबाज बनना चाहता था, लेकिन सर ने बताया कि तुम्हारे पास ना लंबा कद है और ना ज्यादा पेस, इसलिए तुम्हें स्पिन गेंदबाजी करनी चाहिए। इसके बाद मैंने लैफ्ट हैंड स्पिन गेंदबाजी करना शुरू की, और जब प्रैक्टिस करते हुए गेंद एक रफ पैच पर पड़ती थी, तो यह बहुत ज्यादा घूमती थी, इसके बाद आपका इसमें रूचि लेना लाजमी था।