सभी प्रारूपों में तेज गेंदबाजों को आराम देना बेहद जरूरी है: ग्लेन मैकग्रा
ग्लेन मैकग्रा ने कहा है कि आज के समय के तेज गेंदबाज जैसे पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क, जो सभी प्रारूपों के खिलाड़ी हैं उनको लंबा आराम देने की बेहद जरूरत है।
अद्यतन - Nov 26, 2022 8:51 pm

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्रा ने कहा है कि आज के समय के तेज गेंदबाज जैसे पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क, जो सभी प्रारूपों के खिलाड़ी हैं उनको लंबा आराम देने की बेहद जरूरत है।
रिपोर्ट्स की मानें तो ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में ऑस्ट्रेलिया टीम के खराब प्रदर्शन करने के बाद तमाम लोगों ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) मैनेजमेंट पर यह सवाल उठाए थे कि आखिर इन तीन गेंदबाजों को आराम क्यों नहीं दिया जाता है जो सभी प्रारूपों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं। टीम इस शानदार टूर्नामेंट के सुपर 12 से ही बाहर हो गई थी।
गेंदबाजों ने खुद को ढाल लिया है: ग्लेन मैकग्रा
वेस्ट ऑस्ट्रेलियन के मुताबिक ग्लेन मैकग्रा ने कहा कि, ‘गेंदबाजों ने खुद को ढाल लिया है। जोश हेजलवुड दुनिया के बेहतरीन टी-20 गेंदबाजों में से एक है। उन्होंने पहले भी अपने बेहतरीन प्रदर्शन से यह दिखाया है कि वह कितने शानदार गेंदबाज हैं। जिस तरीके की गेंदबाजी पैट कमिंस करते हैं उसे कोई और नहीं कर सकता।
मिचेल स्टार्क हमेशा से ही टीम के मैच विनर रहे हैं। उनसे बेहतर खिलाड़ी शायद ही इस दुनिया में कोई होगा। मुझे अपनी गेंदबाजी अटैक से कोई परेशानी नहीं है। अगर आप खिलाड़ियों को पूरे सत्र में मैच खिलाएंगे और उन्हें बिलकुल भी आराम नहीं देंगे तो वो पक्का चोटिल हो जाएंगे।
मैं बस अपने खिलाड़ियों से यही चाहता हूं खासतौर से गेंदबाजों से की वो अपना 95 प्रतिशत या उससे ज्यादा देने की कोशिश करें।’ बता दें, तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने एक बार फिर से IPL मिनी ऑक्शन से अपना नाम वापस ले लिया है। यह मिनी ऑक्शन 23 दिसंबर को कोच्चि में होगा।
ऑस्ट्रेलिया के वनडे और टेस्ट कप्तान पैट कमिंस को कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिलीज कर दिया था क्योंकि वह अगले साल जून-जुलाई में इंग्लैंड में एशेज सीरीज और 2023 में होने वाले 50 ओवरों के विश्व कप सहित राष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहते थे।
इन तीनों खिलाड़ियों को साथ में खेलते हुए फरवरी 2023 में देखा जाएगा जब ऑस्ट्रेलिया टीम भारत दौरे के लिए चार टेस्ट मुकाबलों के लिए आएगी।