IND vs ENG: “मैं मूवी देख रहा था और रोहित शर्मा…”, पहले वनडे में विस्फोटक पारी खेलने के बाद श्रेयस अय्यर ने किया खुलासा
श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 59 रनों की तूफानी पारी खेली।
अद्यतन - फरवरी 7, 2025 3:41 अपराह्न

टीम इंडिया ने नागपुर में खेले गए इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच को चार विकेट से अपने नाम किया। इस मैच में भारत के लिए बेहतरीन मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 59 रनों की तूफानी पारी खेली। उनके इस पारी की तमाम लोगों ने जमकर प्रशंसा की है।
वहीं पहला वनडे खत्म होने के बाद श्रेयस अय्यर ने एक मजेदार स्टोरी को साझा किया। अय्यर ने बताया कि मैच से एक रात पहले भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा का उनके पास कॉल आया था और उस समय वो मूवी देख रहे थे। रोहित ने श्रेयस को बताया कि पहले मैच में उन्हें भी प्लेइंग XI में शामिल किया गया है। इसके बाद वो सीधे सोने चले गए थे।
श्रेयस अय्यर ने स्टार स्पोर्ट्स को बताया कि, ‘जैसा कि सबको पता है कि मैं आज का मैच नहीं खेलने वाला था। हालांकि, विराट कोहली चोटिल हो गए और मुझे मौका मिला। मैंने खुद को तैयार रखा हुआ था। मुझे पता था कि किसी भी समय मुझे मौका मिल सकता है। ऐसा ही कुछ एशिया कप के दौरान भी पिछले साल हुआ था। मैं चोटिल हो गया था और मेरी जगह दूसरे खिलाड़ी ने आकर शतक जड़ दिया था।
मजेदार कहानी यह है कि मैं पिछली रात मूवी देख रहा था। मुझे ऐसा लगा कि मैं अपनी रात को थोड़ा और बड़ा कर सकता हूं। लेकिन उसके बाद रोहित शर्मा का मेरे पास फोन आया और उन्होंने कहा कि मैं पहले वनडे में खेल सकता हूं, क्योंकि विराट कोहली के घुटने में चोट लग गई है। मैं तुरंत अपने कमरे में वापस गया और सीधा सो गया।’
भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मैच 9 फरवरी को
पहले वनडे की बात की जाए तो इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 248 रन बनाए थे। टीम की ओर से कप्तान जोस बटलर ने 52 रनों की पारी खेली थी, जबकि जैकब बेथेल ने 51 रनों का योगदान दिया था। टीम इंडिया की ओर से हर्षित राणा और रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट झटके।
जवाब में टीम इंडिया ने 6 विकेट खोकर इस मैच को जीत लिया। श्रेयस अय्यर के अलावा शुभमन गिल ने 87 रन बनाए, जबकि अक्षर पटेल ने 52 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से साकिब महमूद और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट झटके। अब इन दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे मैच 9 फरवरी को कटक के बाराबाती स्टेडियम में खेला जाएगा। श्रेयस अय्यर दूसरे वनडे में भी अपनी छाप जरूर छोड़ना चाहेंगे।