IND vs SA: अक्षर पटेल को तीसरे टी-20 मुकाबले में मात्र एक ओवर क्यों दिया गया? जाने क्या कहा राहुल द्रविड़ ने - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs SA: अक्षर पटेल को तीसरे टी-20 मुकाबले में मात्र एक ओवर क्यों दिया गया? जाने क्या कहा राहुल द्रविड़ ने

तीसरे टी-20 मुकाबले में अक्षर पटेल ने मात्र 1 ओवर फेंका था जिसमें उन्होंने 13 रन दिए थे।

Rahul Dravid (Image Source: BCCI)
Rahul Dravid (Image Source: BCCI)

दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे और आखिरी टी-20 मुकाबले में भारत को मात देकर अपने आप को क्लीनस्वीप होने से बचा लिया। टीम की ओर से राइली रूसो ने शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी 48 गेंदों में 100* रन की नायाब पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 49 रन से इस मुकाबले में जीत दर्ज की।

भारतीय टीम की बात की जाए तो तीसरे टी-20 में उन्होंने अपनी प्लेइंग XI में काफी बदलाव किए। केएल राहुल, विराट कोहली और अर्शदीप सिंह की जगह श्रेयस अय्यर, उमेश यादव और मोहम्मद सिराज को शामिल किया गया।

इस मैच में हैरानी वाली बात यह रही कि अक्षर पटेल जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले दो टी-20 मुकाबले में अच्छी गेंदबाजी की थी उनको मात्र एक ओवर दिया गया। इसको लेकर जब जर्नलिस्ट ने राहुल द्रविड़ से सवाल पूछा तो हेड कोच ने बेहतरीन जवाब देकर उनकी बोलती बंद कर दी।

मुकाबले के बाद जर्नलिस्ट के सवाल का जवाब देते हुए राहुल द्रविड़ ने कहा कि, ‘मैच-अप काफी महत्वपूर्ण है। यह आपके लिए जरूरी हो ना हो हमारे लिए काफी मायने रखते हैं। आप लोग इसके बारे में जानकारी इकट्ठा करें और उसके बाद आंकड़ों को देखिए। बाएं हाथ के बल्लेबाजों के सामने बाएं हाथ के गेंदबाज़ों के आंकड़े जानिए और फिर इसके बारे में बात कीजिए, शायद आपको यह देखकर काफी सवालों के जवाब मिल जाएंगे।’

तमाम टीमें मैच अप का उपयोग करती हैं: राहुल द्रविड़

राहुल द्रविड़ ने आगे कहा कि, ‘सिर्फ हम नहीं बल्कि तमाम टीमें मैच अप का उपयोग करती हैं। हमारी तरह कई अन्य टीमें आंकड़ों और नंबरों को समझकर अपनी योजनाएं बनाती हैं। मुझे लगता है कि अगर आप उन नंबरों को ध्यान से देखेंगे तो आपको भी कुछ सवालों के जवाब मिल जाएंगे।’

बता दें, तीसरे टी-20 मुकाबले में अक्षर पटेल ने मात्र 1 ओवर फेंका था जिसमें उन्होंने 13 रन दिए थे। तमाम लोग इसी को लेकर सवाल उठा रहे हैं कि अगर आपका कोई गेंदबाज इतने अच्छे फॉर्म में हैं तो आप उनको गेंदबाजी क्यों नहीं दे रहे हैं।

close whatsapp