बांग्लादेश के खिलाफ लगातार दो हार के बाद अब ऋतुराज गायकवाड़ टीम इंडिया के खिलाड़ियों को दे रहे हैं सलाह
अगर वनडे में पहले 20 ओवर में 100 रन का आंकड़ा छू लिया जाता है तो आप बड़े स्कोर तक पहुंच सकते हैं: ऋतुराज गायकवाड़
अद्यतन - Dec 8, 2022 12:46 pm

पिछले 2 सालों में ऋतुराज गायकवाड़ ने भारतीय घरेलू क्रिकेट में कमाल का प्रदर्शन करते हुए अपनी अलग ही एक पहचान बनाई है। चाहे लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट हो या IPL जैसा बड़ा टूर्नामेंट, ऋतुराज का प्रदर्शन हमेशा से ही काफी सराहनीय रहा है।
हाल ही में संपन्न हुए विजय हजारे ट्रॉफी (VHAT) 2022 में ऋतुराज गायकवाड़ ने महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश के खिलाफ नाबाद दोहरा शतक जड़ा था। उनके इस नाबाद दोहरे शतक की बदौलत महाराष्ट्र ने फाइनल में अपनी जगह बनाई थी, हालांकि फाइनल में उन्हें सौराष्ट्र के हाथों मात खानी पड़ी। उत्तर प्रदेश के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ऋतुराज गायकवाड़ ने स्पिनर शिवा सिंह के 1 ओवर में 7 छक्के जड़े थे।
इस पारी में उन्होंने अपना शतक 109 गेंदों में पूरा किया था वहीं अगली 50 गेंदों में उन्होंने 120 रन बनाए थे। गायकवाड़ ने वनडे प्रारूप में कैसे बड़ा स्कोर बनाया जाए उसको लेकर सलाह दी है। भारतीय क्रिकेटर का मानना है कि वनडे प्रारूप में अगर शुरुआती 20 ओवर में टीम 100 रन का आंकड़ा छू लेती है तो बचें 30 ओवर में वो बड़ा स्कोर बना सकती है।
मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी काफी मजबूत होनी चाहिए: ऋतुराज गायकवाड़
क्रिकेट नेक्स्ट की माने तो ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा कि, ‘ अगर वनडे में पहले 20 ओवर में 100 रन का आंकड़ा छू लिया जाता है तो आप बड़े स्कोर तक पहुंच सकते हैं। यही नहीं आपकी मिडिल ऑर्डर की बल्लेबाजी भी काफी मजबूत होनी चाहिए।’
ऋतुराज गायकवाड़ की माने तो भले ही वो टी-20 प्रारूप में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन अब उन्हें वनडे और टेस्ट प्रारूप में भी अपने खेल को और बेहतर करने की जरूरत है।
गायकवाड़ ने कहा कि, ‘भले ही मैंने टी-20 क्रिकेट में काफी रन बनाए हो लेकिन मुझे वनडे और टेस्ट प्रारूप में भी अच्छा खेलने की जरूरत है और उसके बाद ही मेरा क्रिकेटिंग करियर अच्छी तरह से खत्म होगा।’
बता दें, ऋतुराज गायकवाड़ ने विजय हजारे ट्रॉफी (VHAT) 2022 में 5 मुकाबलों में 660 रन बनाए थे जिसमें एक दोहरा शतक भी मौजूद है।