‘उसे ड्रॉप किया जाएगा क्योंकि वह उप-कप्तान नहीं है’- तीसरे टेस्ट मैच से पहले आकाश चोपड़ा ने राहुल पर साधा निशाना
केएल राहुल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की तीन पारियों में सिर्फ 38 रन बना पाए हैं।
अद्यतन - Feb 28, 2023 5:48 pm

भारतीय खिलाड़ी केएल राहुल इस वक्त खराब फॉर्म से जूझते हुए नजर आ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में केएल राहुल तीन पारियों में 38 रन बना पाए हैं। BCCI ने राहुल से टेस्ट की उप-कप्तानी छीन ली है। जिसके बाद चर्चा जोरों पर हैं कि केएल राहुल तीसरे टेस्ट मैच में टीम से बाहर किया जाएगा।
केएल राहुल की जगह पर इन-फॉर्म बल्लेबाज शुभमन गिल को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सकती है। तीसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम किस प्लान को लेकर उतरने वाली है, उसे लेकर आकाश चोपड़ा अपनी भविष्यवाणी करते हुए नजर आ रहे हैं।
केएल राहुल ड्राप होंगे- आकाश चोपड़ा
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मैच 1 मार्च से इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम इंदौर पहुंच कर मैच के लिए जमकर तैयारी करती हुई नजर आ रही है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल इस वक्त सब के मन में चल रहा है कि क्या केएल राहुल को भारतीय मैनेजमेंट बैक करने वाली है या फिर ड्रॉप करने वाली है?
आकाश चोपड़ा ने इस पर अपनी राय देते हुए जियो सिनेमा के शो आकाशवाणी पर कहा, ‘भारत की संभावित प्लेइंग 11, रोहित शर्मा, पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, केएस भरत, अश्विन, अक्षर पटेल, सिराज और शमी है। वहीं 11वां खिलाड़ी शुभमन गिल रहने वाला है, हमें टेस्ट में उनके बेहतरीन फॉर्म की बात करनी चाहिए। बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने रन बनाए है। राहुल को उप-कप्तानी से हटा दिया गया है जिसका मतलब है कि वह अगले मैच में ड्रॉप किए जा सकते हैं।’
कोच और कप्तान उसे बैक कर रहे हैं लेकिन..- आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने आगे बात करते हुए राहुल को कोच और कप्तान से मिल रहे सपोर्ट के बारे में बात की। पूर्व भारतीय ओपनर ने आगे बात करते हुए कहा, राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा ने राहुल को बैक किया है। रोहित शायद उनको अपनी जगह में देख पा रहे हैं क्योंकि 2012 में वह बुरे दौर से गुजरे थे जिसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की थी।
आकाश चोपड़ा ने आगे कहा, जिसके चलते वे राहुल पर भी समय लगाना चाहते हैं। लेकिन अब राहुल के टीम से बाहर होने का समय आ गया है। शुभमन गिल उनको रिप्लेस करेंगे। मैं आाशा करूंगा कि शुभमन अच्छा खेल दिखाएं और रन बनाएं।