IND vs AUS: इस 28वें शतक की वजह से विराट कोहली ने कई उपलब्धियों को किया अपने नाम, आप भी देखें एक बार
एक्टिव खिलाड़ियों में या कहा जाए इस समय खेलने वाले खिलाड़ियों में विराट कोहली इस लिस्ट में टॉप पर हैं जिन्होंने अभी तक सभी प्रारूपों को मिलाकर 75 शतक जड़ दिए हैं।
अद्यतन - Mar 12, 2023 3:16 pm

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे चौथे टेस्ट के चौथे दिन अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए लगभग साढ़े 3 साल के बाद अंतरराष्ट्रीय टेस्ट फॉर्मेट में शतक जड़ा। बता दें, यह उनका इस प्रारूप में 28वां अंतरराष्ट्रीय शतक है और सभी प्रारूपों को मिलाकर 75वां अंतरराष्ट्रीय शतक।
बता दें, सचिन तेंदुलकर सभी प्रारूपों को मिलाकर सबसे ज्यादा शतक जड़ने वालों की सूची में पहले स्थान पर हैं। उन्होंने तीनों प्रारूपों को मिलाकर कुल 100 शतक जड़े हैं। एक्टिव खिलाड़ियों में या कहा जाए इस समय खेलने वाले खिलाड़ियों में विराट कोहली इस लिस्ट में टॉप पर हैं जिन्होंने अभी तक सभी प्रारूपों को मिलाकर 75 शतक जड़ दिए हैं। जो रूट और डेविड वॉर्नर इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर है जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 45-45 शतक जड़े हैं।
इस शतक के साथ विराट कोहली ने ब्रायन लारा के रिकॉर्ड की भी बराबरी की। लारा ने टेस्ट में नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए 24 शतक जड़े थे और अब कोहली ने भी इस क्रम में खेलते हुए इतने ही शतक जड़े हैं।
विराट कोहली सबसे ज्यादा शतक बनाने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर है लेकिन उन्होंने सबसे तेज 75 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ने वालों की सूची में तेंदुलकर को पछाड़ दिया है। जहां एक तरफ तेंदुलकर ने 566 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी वहीं, कोहली ने यह कारनामा 552 पारियों में किया। सुनील गावस्कर भारतीय लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज थे और अब इस लिस्ट में भी कोहली ने पूर्व बल्लेबाज की बराबरी की।
विराट कोहली के 28वें शतक ने तोड़े कई रिकॉर्ड
बता दें, सुनील गावस्कर और कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में कुल 8-8 शतक जड़े हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर सचिन तेंदुलकर है जिन्होंने 11 शतक बनाए हैं। भारत के लिए अपने घर में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज तेंदुलकर हैं, दूसरे नंबर पर सुनील गावस्कर और तीसरे नंबर पर राहुल द्रविड़। अब इसी लिस्ट में कोहली भी जुड़ चुके हैं। उन्होंने मोहम्मद अजहरुद्दीन, वीरेंद्र सहवाग और दिलीप वेंगसरकर को पछाड़ा।
तमाम भारतीय फैंस यही दुआ कर रहे होंगे कि कोहली आगे भी ऐसे ही बल्लेबाजी करते रहें और भारतीय टीम को जीत दिलाएं। अगर भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनानी है तो उन्हें यह मुकाबला जीतना बेहद जरूरी है। फिलहाल भारत बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 में 2-1 से आगे है और वो इस आखिरी टेस्ट में भी जीत दर्ज करने को देखेगा।