एशिया कप 2022: हार्दिक पांड्या इस समय अपने शीर्ष पर है और शादाब खान को उनसे बचकर रहना होगा: संजय मांजरेकर - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशिया कप 2022: हार्दिक पांड्या इस समय अपने शीर्ष पर है और शादाब खान को उनसे बचकर रहना होगा: संजय मांजरेकर

'हार्दिक पांड्या का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ काफी शानदार रहा है। अगर आपको याद होगा तो वर्ल्ड कप 2019 में भी पांड्या ने पाकिस्तान के खिलाफ जबरदस्त बल्लेबाजी की थी: संजय मांजरेकर

sanjay manjrekar and hardik pandya (source-twitter)
sanjay manjrekar and hardik pandya (source-twitter)

संजय मांजरेकर का मानना है कि हार्दिक पांड्या इस समय अपने खेल के शीर्ष पर हैं और उन्हें शादाब खान को खेलने में कोई परेशानी नहीं होगी। बता दें, एशिया कप टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच 28 अगस्त को दुबई इंटरनेशनल में मुकाबला खेला जाएगा।

भारत के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और पाकिस्तान के स्पिनर शादाब खान के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा। स्पोर्ट्स18 के शो ‘स्पोर्ट्स ओवर द टॉप’ में संजय मांजरेकर ने कहा कि, ‘हार्दिक पांड्या का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ काफी शानदार रहा है। अगर आपको याद होगा तो वर्ल्ड कप 2019 में भी पांड्या ने पाकिस्तान के खिलाफ जबरदस्त बल्लेबाजी की थी। इस समय हार्दिक पांड्या एक सपने की तरह बल्लेबाजी कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि, ‘दोनों ही स्पिन और तेज गेंदबाजों के सामने हार्दिक पांड्या ने हाल ही में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। शादाब खान भी काफी अच्छे गेंदबाज हैं। उनकी गेंद ज्यादा नहीं घूमती लेकिन टी-20 क्रिकेट में वो एक अलग ही भूमिका निभाते हुए दिखते हैं। बता दें, शादाब ने 64 टी-20 मुकाबलों में 73 विकेट्स झटके हैं।

हार्दिक पांड्या, शादाब खान को आराम से खेल लेंगे: संजय मांजरेकर

संजय मांजरेकर ने आगे कहा कि, ‘पिछले तीन-चार सालों में शादाब खान का अनुभव भी काफी बढ़ गया है। लेकिन इस समय हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। वो अपने खेल के शीर्ष पर हैं। भले ही शादाब खान काफी अच्छे गेंदबाज हैं लेकिन हार्दिक पांड्या उनको आराम से खेल लेंगे।

संजय मांजरेकर ने आगे कहा कि, ‘भले ही हार्दिक पांड्या तेज गेंदबाजों के सामने अच्छा प्रदर्शन ना कर पाएं लेकिन स्पिनरों के सामने उनका कोई तोड़ नहीं है। मुझे लगता है कि वो लेग स्पिनरों को काफी अच्छी तरह से पढ़ लेते हैं इसलिए उनके लिए शादाब खान को खेलना ज्यादा मुश्किल नहीं होता है।

दोनों ही टीम इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रही होंगी। बता दें, इन दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में खेला गया था जिसमें पाकिस्तान ने 10 विकेट्स से जीत दर्ज की थी। शाहीन अफरीदी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए भारत के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को तहस-नहस कर दिया था।

close whatsapp