श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पूरी तरह से तैयार है सऊद शकील
पहला टेस्ट मुकाबला 16 जुलाई से 20 जुलाई तक खेला जाएगा जबकि दूसरा टेस्ट मैच 24 जुलाई से शुरू होगा।
अद्यतन - Jul 14, 2023 4:14 pm

16 जुलाई से पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। यह टेस्ट सीरीज श्रीलंका में खेली जा रही है। पाकिस्तान ने इस टेस्ट सीरीज के लिए युवा खिलाड़ी सऊद शकील को अपनी टीम में शामिल किया है। बता दें, सऊद शकील पहली बार अपने घर से बाहर टेस्ट सीरीज खेलेंगे।
उनका हालिया प्रदर्शन घरेलू क्रिकेट में काफी अच्छा रहा है। अब उनको श्रीलंका के खिलाफ खेले जाने वाली दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में भी अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी। सऊद शकील ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मुकाबला इंग्लैंड के खिलाफ रावलपिंडी में खेला था। उन्होंने अपनी टीम की ओर से चौथी पारी में 76 रन बनाए थे। मुल्तान में खेले गए टेस्ट मैच में उन्होंने 94 रनों की बहुमूल्य पारी खेली थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ कराची में खेले गए मुकाबले में उन्होंने 125 रन की नाबाद पारी खेली और अपना पहला टेस्ट शतक जड़ा।
सऊद शकील ने पाकिस्तान के लिए अभी तक पांच टेस्ट मुकाबलों की 10 पारियों में 72.65 के औसत और 41.67 के स्ट्राइक रेट से 580 रन बनाए हैं। इसमें पांच अर्धशतक और एक शतक भी मौजूद है। शकील के साथ सबसे अच्छी बात यह है कि उनके पास सभी तरीके के शॉट्स है और वो किसी भी गेंदबाज के खिलाफ आक्रमक क्रिकेट खेलने की क्षमता रखते हैं।
हमने श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली सीरीज से पहले काफी अच्छी तरह से तैयारियां की है: सऊद शकील
सऊद शकील ने PCB डिजिटल को बताया कि, ‘श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली सीरीज से पहले हमने लाहौर और कराची में कैंप में काफी अच्छी तैयारियां की है और हम इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं।’
पिछले साल पाकिस्तान ने गाले में 342 रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया था। इसी को लेकर सऊद शकील ने कहा कि, ‘हमने पिछले साल गाले में लगभग 350 रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया था जो बहुत ही मुश्किल लग रहा था। हालांकि हमने यह चीज देखी कि कैसे इस स्पिनर्स के खिलाफ आक्रामक शॉट्स खेलते हुए हम मुकाबला जीत सकते हैं और इस बार भी हमारी यही योजना होगी।’
पहला टेस्ट मुकाबला 16 जुलाई से 20 जुलाई तक खेला जाएगा जबकि दूसरा टेस्ट मैच 24 जुलाई से शुरू होगा।