वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज की तैयारियों को लेकर मैदान पर अभ्यास के दौरान जमकर पसीना बहाते दिखे भारतीय खिलाड़ी
भारतीय टीम को अपनी पिछली वनडे सीरीज में अफ्रीका दौरे पर 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Feb 5, 2022 12:58 am

वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी 3 मैचों की वनडे सीरीज को लेकर भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने मैदान पर उतरकर अभ्यास करना शुरू कर दिया है। जिसमें इस वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 6 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले साउथ अफ्रीका के दौरे पर टीम इंडिया को वनडे सीरीज में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद अब उन्हें खुद को एकबार फिर से मैदान पर अपनी बादशाहत को दिखाना होगा।
बतौर नियमित कप्तान रोहित शर्मा के लिए भी यह उनके करियर की पहली वनडे सीरीज होने जा रही है। जिसमें वह बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। जिसमें यह देखना दिलचस्प होगा कि वनडे फॉर्मेट में रोहित और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ की जोड़ी किस तरह से अपने काम को अंजाम देने में सफल होती है।
वहीं गुजरात क्रिकेट संघ ने पहले ही इस वनडे सीरीज को लेकर यह पुष्टि कर दी है कि यह बंद दरवाजों के पीछे खेली जाएगी, जिसमें कोरोना महामारी संक्रमण को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। क्योंकि वनडे सीरीज के शुरू होने से पहले टीम इंडिया के 8 सदस्य कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जिसमें शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, ऋतुराज गायकवाड और नवदीप सैनी का नाम शामिल है।
मैदान पर अभ्यास की फोटो BCCI ने सोशल मीडिया पर की पोस्ट
4 फरवरी को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के अभ्यास सत्र की फोटो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। जिसमें कप्तान रोहित शर्मा के अलावा विराट कोहली, शार्दुल ठाकुर और रिषभ पंत पसीना बहाते हुए साफतौर पर देखे जा सकते हैं। इस दौरान मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और विराट कोहली के बीच बातचीत होते हुए देखने को मिली।
विराट कोहली पहली बार रोहित शर्मा की कप्तानी में खेलने उतरेंगे जिसको लेकर फैंस भी काफी उत्साहित दिख रहे हैं, जिसमें सभी को उम्मीद है कि उनके करियर की 71वीं सेंचुरी इस सीरीज में देखने को मिल सकती है। वहीं इस वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी दीपक हुड्डा को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा युवा लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को भी जगह मिली है।
यहां पर देखिए BCCI के उस पोस्ट को:
#TeamIndia begin preps in Ahmedabad ahead of the ODI series against West Indies.#INDvWI pic.twitter.com/aYTd1QuexB
— BCCI (@BCCI) February 4, 2022