‘अगर आपके पास हैं तो हमें बता दो….’- जब द्रविड़ ने अपने जवाब से कर दी रिपोर्टर की बोलती बंद
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच 17 फरवरी से दिल्ली में खेला जाएगा।
अद्यतन - फरवरी 16, 2023 1:33 अपराह्न

भारतीय टीम इस वक्त वनडे और टी-20 फॉर्मेट में नंबर-1 है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जीत दर्ज कर भारत टेस्ट रैकिंग में भी नंबर-1 स्थान पर काबिज होकर तीनों फॉर्मेट में परचम लहराने के लिए तैयार है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच 17 फरवरी से दिल्ली के अरूण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।
जिसके लिए टीम ने अभ्यास करना शुरू कर दिया है। इस बीच मैच से पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कोच राहुल द्रविड़ से रिपोर्टर ने भारतीय खेमे में क्वालिटी तेज गेंदबाज की कमी को लेकर सवाल किया। इसके बाद जिस तरह से राहुल द्रविड़ ने रिपोर्टर के सवाल का जवाब दिया वो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
राहुल द्रविड़ ने मीडिया के सवाल का दिया यह जवाब
भारतीय टीम दूसरे टेस्ट मैच में भी ऑस्ट्रेलिया पर अपना दबदबा बनाना चाहेगी। दूसरे टेस्ट मैच से पहले भारत के हेड कोच राहुल द्रविड़ मीडिया से बातचीत करते हुए नजर आए जिस दौरान उन्होने कई सवालों के जवाब दिए और कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की।
इसी दौरान रिपोर्टर ने राहुल द्रविड़ से भारतीय खेमे में क्वालिटी वाले तेज लेफ्ट ऑर्म गेंदबाजों की कमी को लेकर सवाल किया, इसके साथ ही उन्होंने मिचेल स्टार्क और शाहीन अफरीदी जैसे गेंदबाजों का भी जिक्र किया। जिसका राहुल द्रविड़ ने जवाब देते हुए कहा, ‘बाएं हाथ का तेज गेंदबाज काफी वैरिएशन लाता है। आप जहीर खान का नाम भूल गए। लेकिन चयनकर्ता और प्रबंधन इन प्रतिभाओं पर नजर रखते हैं।’
‘अर्शदीप सिंह ने हाल के एकदिवसीय मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है उन्होने रणजी ट्रॉफी भी खेला जहां उन्होने 4-5 विकेट लिए। वह अभी युवा है लेकिन आगे बढ़ रहा है और भी लोग हैं जो प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन केवल बाएं हाथ का तेज गेंदबाज होने से आपको टीम में जगह बनाने में मदद नहीं मिलेगी आपको अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है।’
हमें शायद ही 6 फुट का गेंदबाज मिलें- राहुल द्रविड़
राहुल द्रविड़ ने मीडिया के साथ अपनी बातचीत में साफ किया कि भारतीय टीम में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की कमी के मामले को बोर्ड गंभीरता से देख रही है। द्रविड़ ने यह भी कहा कि भारतीय टीम में पहले जहीर खान और आशीष नेहरा जैसे गेंदबाजों को इसलिए मौके नहीं दिए जाते थे। क्योंकि वह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज थे। द्रविड़ ने भारत की नई प्रतिभा अर्शदीप सिंह, खलील अहमद और मुकेश चौधरी जैसे खिलाड़ियों का भी जिक्र किया।
मीडिया के साथ आगे बात करते हुए द्रविड़ ने कहा, ‘अगर 6 फीट 4 इंच का गेंदबाज हैं आपके पास है तो आप बता दो। आपने मिचेल स्टार्क और शाहीन अफरीदी का नाम लिया। लेकिन भारत में हमें शायद ही कोई 6 फीट 5 इंच जितना लंबा बाएं हाथ का तेज गेंदबाज मिलें।’